
नई दिल्ली. पाकिस्तान को पराजित कर एशिया कप 2025 जीतने के बाद भी भारतीय टीम के हाथ खाली हैं और ये विवाद अब और गहरा गया है. दुबई में हुई एशियाई क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) की एक अहम बैठक में इस मुद्दे पर ज़ोरदार बहस हुई. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने ये तो माना कि जो हुआ, वो ठीक नहीं था, लेकिन उन्होंने ट्रॉफी भारत को लौटाने से साफ इनकार कर दिया.
मीटिंग में हुई गरमागरम बहस
दुबई में हुई बैठक में माहौल काफ़ी गरमा-गरम रहा. सूत्रों के मुताबिक, मोहसिन नकवी ने अपनी गलती के लिए माफी तो मांगी, लेकिन एक नई शर्त रख दी. उन्होंने कहा कि अगर भारतीय टीम को ट्रॉफी चाहिए, तो कप्तान सूर्यकुमार यादव को खुद दुबई आकर इसे लेना होगा. इस पर बीसीसीआई ने कड़ा ऐतराज जताया और सवाल उठाया, जब भारतीय टीम मैदान पर मौजूद थी, तब तो आपने ट्रॉफी नहीं दी, अब आप कैसे उम्मीद कर सकते हैं कि हमारा कप्तान इसे लेने दुबई आएगा? काफ़ी बहस के बावजूद, नकवी अपनी बात पर अड़े रहे और बिना किसी समाधान के बैठक खत्म हो गई.
फाइनल वाले दिन यह हुआ
एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को ५ विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया था. मैच के बाद जब ट्रॉफी देने की बारी आई, तो भारतीय खिलाडिय़ों ने पीसीबी और एसीसी के चेयरमैन मोहसिन नकवी से इसे लेने से इनकार कर दिया. भारतीय टीम चाहती थी कि उन्हें ट्रॉफी एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) के वाइस-चेयरमैन के हाथों से दी जाए, लेकिन नकवी इसके लिए तैयार नहीं हुए. भारतीय खिलाड़ी करीब एक घंटे तक मैदान पर इंतज़ार करते रहे, लेकिन जब कोई हल नहीं निकला तो वे बिना ट्रॉफी लिए ही ड्रेसिंग रूम में वापस लौट गए. इसके बाद मोहसिन नकवी ट्रॉफी लेकर अपने होटल चले गए.