धनतेरस पर तीन मुहूर्त पर खरीदारी, बरसेगा धन


जबलपुर।
दिवाली त्योहार की शुरूआत धनतेरस के दिन से हो रही है। इस बार धनतेरस 18 अक्टूबर को पड़ रहा है। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक इस दिन तीन मुहूर्त शुभ हैं, जिनमें खरीदारी से मां लक्ष्मी के साथ धन के देवता कुबेर और आयुर्वेद के भगवान धन्वंतरि की विशेष कृपा हो सकती है। धनतेरस जिसे धन त्रयोदशी भी कहा जाता है। यह दिवाली पर्व की शुरुआत का संकेत है। मान्यता है कि इस दिन समुद्र मंथन से मां लक्ष्मी प्रकट हुई थीं। इसलिए धनतेरस पर मां लक्ष्मी के साथ.साथ धन और समृद्धि के देवता कुबेर और आयुर्वेद के जनक भगवान धन्वंतरि की पूजा भी की जाती है।

पूजन के अलावा धनतेरस के दिन सोना, चांदी, बर्तन, झाड़ू और अन्य उपयोगी वस्तुएं खरीदना शुभ माना जाता है। इन वस्तुओं की खरीदारी के लिए विशेष शुभ मुहूर्त का महत्व है।

ज्योतिषाचार्य पंडित कामता प्रसाद तिवारी के मुताबिक कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि 18 अक्टूबर को दोपहर 12 बजकर 18 मिनट से शुरू होकर 19 अक्टूबर को दोपहर 1 बजकर 51 मिनट तक रहेगी।

धनतेरस पर खरीदारी के शुभ मुहूर्त

पहला मुहूर्त- सुबह 8 बजकर 50 मिनट से 10 बजकर 33 मिनट तक

दूसरा मुहूर्त- सुबह 11 बजकर 43 मिनट से दोपहर 12 बजकर 28 मिनट तक

तीसरा मुहूर्त- शाम 7 बजकर 16 मिनट से रात 8 बजकर 20 मिनट तक

चौघड़िया मुहूर्त

शुभ काल- सुबह 7 बजकर 49 मिनट से 9 बजकर 15 मिनट तक

लाभ उन्नति मुहूर्त- दोपहर 1 बजकर 32 मिनट से 2 बजकर 57 मिनट तक

अमृत काल- दोपहर 2 बजकर 57 मिनट से शाम 4 बजकर 23 मिनट तक

चर काल- दोपहर 12 बजकर 6 मिनट से 1 बजकर 32 मिनट तक

पूजन का शुभ मुहूर्त

द्रिंक पंचांग के मुताबिक पूजन का मुहूर्त शाम 7 बजकर 16 मिनट से रात 8 बजकर 20 मिनट तक रहेगा। इस समय मां लक्ष्मी, कुबेर देवता और भगवान धन्वंतरि की पूजा करना शुभ माना जाता है।

ये खरीदना शुभ:

खरीदारी के लिए सोना-चांदी, बर्तन, झाड़ू, मां लक्ष्मी की प्रतिमा, दक्षिणवर्ती शंख, कुबेर यंत्र, गोमती चक्र, कौड़ियां, धनिया, बर्तन और मां लक्ष्मी के चरण चिन्ह का विशेष महत्व है।

धनतेरस के दिन तेल, प्लास्टिक की वस्तुएं, काले रंग के वस्त्र, जूते और कांच के बर्तन खरीदने से बचना चाहिए।


Post a Comment

Previous Post Next Post