khabar abhi tak

दीपावली पर सिवनी में बड़ा हादसा, बाईक सवार 3 युवक पुल से गिरे, 2 की मौत, 1 गंभीर

सिवनी. मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के हॉलोन पुल के पास केवलारी-कहानी मार्ग पर दीपावली के दिन आज बड़ा हादसा हो गया. तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुल के नीचे नाले में गिर गई, जिससे बाइक सवार एक ही गांव के दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।

घंसौर थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह झारिया ने बताया कि आज दीपावली के दिन सोमवार की सुबह हॉलोन पुल के नीचे बाइक सहित तीन युवक सुबह के समय कुछ लोगों को पड़े दिखाई दिए। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा तो दो युवकों की मौत हो चुकी थी और एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में था। टीआई ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हादसा तेज रफ्तार के कारण बाइक के अनियंत्रित होकर पुल से गिरने से हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि हादसा देर रात हुआ होगा, जिसके चलते लोगों का ध्यान पुल के नीचे नहीं गया।

हादसे में मृत युवकों की पहचान विषित पिता लखन सिंह (25 वर्ष) और आशीष पिता रमेश उइके (22 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान ओम प्रकाश पिता अजब सिंह (22 वर्ष) के रूप में हुई है। ओमप्रकाश को तुरंत सिविल अस्पताल लखनादौन पहुंचाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पहले सिवनी जिला अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर कर दिया गया है। तीनों युवक घंसौर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अगरिया कलां के गुगलई ग्राम के बताए जा रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak