नई दिल्ली. अगर आप अपने पैसे को सुरक्षित रखते हुए शानदार रिटर्न कमाना चाहते हैं, तो डाकघर की बचत योजनाएं आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकती हैं। ये योजनाएं न केवल आपके निवेश पर सरकारी सुरक्षा की गारंटी देती हैं, बल्कि 7।5% से लेकर 8।2% तक का आकर्षक ब्याज और टैक्स छूट का दोहरा लाभ भी प्रदान करती हैं।
पोस्ट ऑफिस की 6 सुपरहिट योजना
1. पोस्ट ऑफिस फिक्स्ड डिपॉजिट (FD)
यह योजना 1, 2, 3 और 5 साल के निवेश का विकल्प देती है। 5 साल की FD पर आपको 7.5% का ब्याज मिलता है और आयकर की धारा 80C के तहत टैक्स में छूट का लाभ भी मिलता है। यह निश्चित रिटर्न चाहने वालों के लिए एक आदर्श विकल्प है।
2. महिला सम्मान बचत सर्टिफिकेट
विशेष रूप से महिलाओं के लिए बनाई गई इस योजना में 2 साल के लिए निवेश किया जा सकता है, जिस पर 7.5% ब्याज दर है। इसमें न्यूनतम 1,000 रुपये से लेकर अधिकतम 2 लाख रुपये तक जमा किए जा सकते हैं। यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि यह योजना केवल 31 मार्च, 2025 तक ही उपलब्ध है।
3, नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (NSC)
5 साल की अवधि वाली इस योजना पर 7.7% का ब्याज मिलता है, जो सालाना जुड़ता जाता है (कंपाउंडिंग)। NSC में निवेश पर भी टैक्स छूट का फायदा मिलता है, जो इसे और भी आकर्षक बनाता है।
4. वरिष्ठ नागरिक बचत योजना (SCSS)
60 वर्ष या उससे अधिक आयु के नागरिकों के लिए यह सबसे अच्छी योजनाओं में से एक है। इसमें 5 साल के लिए निवेश पर 8.2% की उच्च ब्याज दर मिलती है। इस योजना में अधिकतम 30 लाख रुपये का निवेश किया जा सकता है और ब्याज हर तिमाही में मिलता है, जिससे नियमित आय सुनिश्चित होती है।
5. सुकन्या समृद्धि योजना (SSY)
बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए यह एक बेहतरीन योजना है, जिस पर 8.2% का ब्याज मिलता है। इसमें सालाना न्यूनतम 250 रुपये से लेकर अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक जमा किए जा सकते हैं। निवेश 15 साल तक करना होता है और खाता 21 साल में मैच्योर होता है।
6. किसान विकास पत्र (KVP)
अगर आप अपने निवेश को दोगुना करना चाहते हैं तो KVP आपके लिए है। यह योजना 115 महीनों (लगभग 9 साल 7 महीने) में आपके पैसे को दोगुना कर देती है। इस पर 7.5% का ब्याज मिलता है और इसमें न्यूनतम 1,000 रुपये से निवेश शुरू किया जा सकता है।
