रीवा। सांसद जनार्दन मिश्रा आज बड़ा गांव पंचायत पहुंचे, जहां उन्होंने मुसहर समाज के बच्चों को नहलाया। उनके नाखून काटे और गंदे कपड़े धोए। इस दौरान अन्य जनप्रतिनिधि व ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सांसद श्री मिश्रा आज सेवा पखवाड़ा के तहत गांव में पहुंचे थे। उन्होंने बच्चों को नहलाते समय ग्रामीण महिलाओं को समझाया कि बच्चों को सही ढंग से नहलाना और कपड़े साफ करना क्यों जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता जीवन का अहम हिस्सा है। साफ-सुथरे रहकर ही स्वस्थ जीवन संभव है। नहलाने और कपड़े धोने के बाद सांसद ने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए तैयार किया। उन्होंने माता-पिता से कहा कि वे पढ़ाई के साथ बच्चों की स्वच्छता पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि जब बच्चे साफ-सुथरे होकर स्कूल जाएंगे, तभी उनमें आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे शिक्षा के महत्व को समझ पाएंगे। पहले भी कर चुके हैं ऐसी पहल-
यह पहली बार नहीं है जब सांसद मिश्रा ने चर्चा बटोरी हो। इसके पहले वे स्वच्छता अभियान के तहत खुद हाथों से शौचालय साफ कर चुके हैं। उस समय भी उनका यह कदम खूब चर्चा में रहा था। गांव में मौजूद लोग सांसद को बच्चों को नहलाते और कपड़े धोते देख हैरान रह गए। लोगों ने कहा कि आमतौर पर सांसदों को इस रूप में नहीं देखा जाता।