भोपाल. उज्जैन, इंदौर में आई लव महाकाल और आई लव मोहम्मद के पोस्टर लगने के बाद भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर एक पोस्टर लगाया गया है। इस पोस्टर में लिखा है- आई लव इंडिया, आई लव राहुल गांधी। कांग्रेस प्रवक्ता प्रवीण धौलपुरे की ओर से लगवाए गए पोस्टर में कांग्रेस नेताओं की तस्वीरों के साथ ही लिखा है-आई लव इंडिया, आई लव राहुल गांधी और जय भीम, जय बापू, जय संविधान।
कांग्रेस प्रवक्ता प्रवीण धौलपुरे का कहना है कि कोई भी धर्म हमें नफरत नहीं सिखाता। सभी धर्म प्रेम और भाई चारे का संदेश देते हैं। राहुल गांधी मुहब्बत का संदेश देने वाले नेता हैं। इसलिए हमने देश प्रेम का संदेश देने के लिए यह पोस्टर लगवाया है।
कई शहरों में लग रहे पोस्टर
यूपी के कानपुर में बारावफात जुलूस के दौरान लगे आई लव मोहम्मद बैनर विवाद के बाद अब मध्यप्रदेश के इंदौर, उज्जैन और भोपाल में भी ऐसे पोस्टर दिखाई देने लगे हैं। यहां आई लव मोहम्मद के जवाब में आई लव महाकाल के पोस्टर लगे हैं। दो दिन पहले भोपाल में मुस्लिम समाज के लोगों ने आई लव मोहम्मद लिखे स्टिकर अपने वाहनों पर लगाए। वहीं भोपाल के शीतलदास की बगिया मंदिर में महाकाल पोस्टर अभियान सोशल मीडिया पर बहस का विषय बन गए हैं।
