भोपाल। भोपाल के चार इमली वीवीआईपी इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने आईजी (इंटेलिजेंस और एटीएस) डॉ. आशीष के दो मोबाइल फोन छीन लिए। एक फोन घटनास्थल से बरामद हुआ, जबकि दूसरा जिसमें संवेदनशील डाटा होने की आशंका है। जो अब भी लापता है।
वीवीआईपी इलाके में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी डॉ. आशीष के मंगलवार रात दो मोबाइल फोन अज्ञात बदमाशों ने छीन लिए। वारदात रात करीब दस बजे की है, जब डॉ. आशीष अपनी पत्नी के साथ डिनर के बाद टहल रहे थे। फोन में से एक में संवेदनशील और गोपनीय खुफिया इनपुट होने की आशंका जताई जा रही है।
संवेदनशील डाटा लीक होने की आशंका
सूत्रों ने बताया कि छीने गए मोबाइल फोनों में से एक में संवेदनशील और गोपनीय इनपुट मौजूद थे। हालांकि पुलिस ने घटना के 20 मिनट के भीतर एक फोन बरामद कर लिया, जिसे बदमाशों ने घटनास्थल के पास फेंक दिया था। माना जा रहा है कि उन्होंने फोन की एडवांस सिक्योरिटी फीचर्स देखकर उसे छोड़ दिया। लेकिन दूसरे फोन में खुफिया इनपुट होने की आशंका है।
लोकेशन ट्रेस, फिर मोबाइल स्विच ऑफ
तकनीकी जांच में सामने आया कि दूसरा फोन आखिरी बार कोलार गेस्ट हाउस इलाके तक ट्रैक किया गया था। उसके बाद उसे बंद कर दिया गया। इसके चलते सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तलाश शुरू कर दी है।
