जबलपुर। अधारताल के जयप्रकाश नगर में एक वृद्ध महिला लूट का शिकार हो गई। महिला सुबह के समय पूजा के लिए फूल तोड़ रही थी। उसी समय बाइक सवार नकाबपोश दो युवकों ने उसकी चेन लूट ली। मामले की पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस सीसीटीवी के वीडियो फुटेज खंगाल रही है।
अधारताल पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की सुबह 6-30 बजे जयप्रकाश नगर निवासी अनुसुईया राय लूट का शिकार हो गईं। पुलिस ने बताया कि आरोपी मोटरसाइकिल में सवार थे, जिनका चेहरा ढंका हुआ था। मौके पर महिला मंदिर के पास भगवान की पूजा के लिए फूल तोड़ रही थी। इस दौरार आरोपी पीछे से आए और पल भर में महिला के गले में हाथ मारा और सोने की चेन लेकर चंपत हो गए। इस दौरान महिला ने शोर-शराब किया था, लेकिन जब तक लोग एकत्र हुए थे, आरोपी वाहन सहित भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने लूट की शिकार महिला को भाजपा के सुभाष चंद्र बोस मंडल अध्यक्ष अमित राय की मां होना बताया है।
