khabar abhi tak

रईसजादों के बदले शौक, शराब से कर तौबा, सर्वे ने तोड़ा भ्रम, जानें उनकी पहली पसंद

नई दिल्ली. शराब और अमीरी को लेकर अक्सर बनी-बनाई धारणाओं को तोड़ते हुए एक सर्वे में चौंकाने वाले नतीजे सामने आए हैं। हाल ही में जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत के एक तिहाई से ज्यादा अमीर लोग शराब का सेवन करना पसंद नहीं करते हैं। यह सर्वे देश के उन 150 धनाढ्य भारतीयों के बीच किया गया, जिनकी संपत्ति 8.5 करोड़ रुपए से अधिक है।

मर्सिडीज-बेंज हुरुन इंडिया लग्जरी कंज्यूमर सर्वे 2025 के मुताबिक, सर्वे में शामिल 34 फीसदी लोगों ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे बिल्कुल भी शराब नहीं पीते हैं। वहीं, शराब पीने वालों में 32 फीसदी लोगों की पहली पसंद व्हिस्की है। इसके बाद 11 फीसदी लोग रेड वाइन और 9 फीसदी लोग शैंपेन पीना पसंद करते हैं। यह सर्वे इस आम धारणा के विपरीत है कि अमीर लोगों के जीवन में महंगी शराब एक अनिवार्य हिस्सा है।

जहां एक तरफ देश के कई अमीर शराब से दूरी बना रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ राज्यों में शराब पर प्रति व्यक्ति खर्च काफी ज्यादा है। पिछले साल राष्ट्रीय लोक वित्त एवं नीति संस्थान द्वारा जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, शराब पर सबसे ज्यादा पैसा आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में खर्च किया जाता है। आंकड़ों के मुताबिक, तेलंगाना में एक परिवार सालाना प्रति व्यक्ति औसतन 1,623 रुपए की शराब पी जाता है, जो देश में सर्वाधिक है।

शराब पर सर्वाधिक खर्च करने वाले अन्य प्रमुख राज्यों में केरल (486 रुपये), हिमाचल प्रदेश (457 रुपये) और पंजाब (453 रुपये) शामिल हैं। इस सूची में तमिलनाडु और राजस्थान भी प्रमुख स्थान रखते हैं। वहीं, सबसे कम खर्च करने वाला राज्य उत्तर प्रदेश है, जहां यह आंकड़ा महज 49 से 75 रुपए के बीच है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak