khabar abhi tak

एमपी : आर्मी स्पेशल रेल में लोड सेना के ट्रक में लगी आग, रेस्क्यु जारी

 

उज्जैन. मध्य प्रदेश में उज्जैन रेलवे स्टेशन के यार्ड के पास आर्मी की स्पेशल मालगाड़ी में लोड ट्रक में आग लग गई। मालगाड़ी से अचानक धुआं उठता देख फौरन उज्जैन स्टेशन पर रोकी गई। बताया जा रहा है कि सेना की गाडिय़ों को कवर करने के लिए डाला गया कपड़ा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टच हो गया, जिससे आग लग गई।

आरपीएफ और रेलवे की टीम को फौरन हादसे की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची रेलवे की टीमों ने किसी तरह आग पर काबू पा लिया। फिलहाल मालगाड़ी को उज्जैन रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित खड़ा किया गया है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

धुआं उठता देख उज्जैन स्टेशन को अलर्ट किया

जानकारी के मुताबिक, आर्मी की स्पेशल मालगाड़ी भोपाल से जोधपुर जा रही थी। इसमें सेना के जवान और आर्मी के करीब एक दर्जन लोडेड ट्रकों में सामान ले जाया जा रहा था। मालगाड़ी रविवार सुबह करीब 9.30 बजे उज्जैन यार्ड के पास पहुंची थी। यहां सेना के जवानों ने धुआं उठता देख उज्जैन स्टेशन प्रबंधन को अलर्ट किया। स्टेशन पर पहुंचते ही ट्रक पर ढके कपड़े में आग लग गई, जो धीरे-धीरे ट्रक तक जा पहुंची। हादसे की सूचना पाते ही मौके पर पहुंचे आरपीएफ और रेलवे कर्मचारियों ने आग बुझाना शुरू किया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र यादव ने बताया कि भोपाल से जोधपुर जा रही आर्मी स्पेशल मालगाड़ी में लोड ट्रक में संभावित टेक्निकल त्रुटि के कारण आग लगी थी। आग से 2 नंबर लाइन की ओएसी टूट गई। हालांकि जानमाल का कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।

प्लेटफॉर्म पर कोई दूसरी ट्रेन नहीं थी

रतलाम रेल मंडल के पीआरओ खेमराज मीणा ने बताया कि उज्जैन रेलवे यार्ड में ऊपरी विद्युत लाइन से टकराने पर मालगाड़ी पर कवर कपड़े में आग लगी। धुआं उठता देख तुरंत सूचना दी गई और आग पर काबू पा लिया गया। मालगाड़ी की ऊंचाई कम करने के बाद उसे आगे रवाना कर दिया गया है। घटना के समय प्लेटफॉर्म पर कोई दूसरी ट्रेन नहीं खड़ी थी। मालगाड़ी में सेना की फोर-व्हीलर गाडिय़ां और अन्य सामान लदा हुआ था।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak