जबलपुर। यात्री सुविधाओं पर विचार-विमर्श करने तथा रेल सुविधाओं के विकास एवं विस्तार पर चर्चा करने हेतु बुधवार 24 सितम्बर को जबलपुर रेल मंडल परिक्षेत्र के सांसदों की एक महत्वपूर्ण बैठक पश्चिम मध्य रेलवे की महाप्रबन्धक शोभना बंदोपाध्याय के साथ सम्पन्न हुई। बैठक में उपस्थित सांसदों ने विगत वर्षों में यात्री सुविधाओं के लिए किये जा रहे कई कार्यों की सराहना की। इस बैठक में सांसद सतना गणेश सिंह, सांसद जबलपुर आशीष दुबे, सांसद नर्मदापुरम दर्शन सिंह चौधरी, सांसद दमोह राहुल सिंह लोधी, सांसद सीधी डॉ. राजेश मिश्र तथा राज्यसभा सांसद माया नारोलिया उपस्थित थी । इसके अतिरिक्त अन्य सांसदों ने अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से सुझाव भेजे। बैठक के दौरान मण्डल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा द्वारा पावर प्वाइन्ट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मण्डल में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी प्रदान की गई। बैठक के प्रारंभ में महाप्रबन्धक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय ने यात्री सुरक्षा के लिए कवच तकनीक, अमृत भारत स्टेशन योजना से हो रहे निर्माण तथा कटनी में निर्मित रेलवे ग्रेड सेपरेटर के निर्माण एवं इनके लाभ की जानकारी दी।
सांसद जबलपुर आशीष दुबे ने गढ़ा, ग्वारीघाट और बरगी स्टेशनो को जबलपुर मंडल में शामिल करने, जबलपुर से रायपुर के बीच चलने वाली इंटर सिटी एक्सप्रेस के गोंदिया स्टेशन पर ठहराव को न्यूनतम करने, जबलपुर से गोंदिया होकर चेन्नई, बेंगुलुरु के लिए नई ट्रेन चलाने, हरिद्वार ट्रेन को पुनः प्रारंभ करने, 150 किलोमीटर के लिए लोकल मेमू ट्रेन चलाने, कछपुरा मालगोदाम को शिफ्ट करने, आधारताल स्टेशन का उन्नयन करके श्रीधाम एवं जन शताब्दी को यहां से प्रारंभ करने के साथ ही जबलपुर स्टेशन के पुनर्निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू करने एवं रेलवे अस्पताल में शाम को भी ओपीडी सुविधा प्रारंभ करने का सुझाव दिया। दुबे ने जबलपुर से दमोह के लिए कटंगी मार्ग से नए रेल मार्ग का सर्वे करने तथा भूलन से धन्वन्तरी नगर के लिए रेल ओवर ब्रिज निर्माण के साथ ही सिहोरा रोड स्टेशन पर रीवा – इतवारी एवं शहडोल नागपुर ट्रेन का ठहराव शुरू करने का भी सुझाव दिया।
बैठक में मुख्यालय के अधिकारी प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक कुशाल सिंह, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक मनीष तिवारी, प्रमुख मुख्य इंजीनियर आशुतोष, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/ निर्माण एमएस हाशमी, प्रमुख मुख्य विद्दुत अभियंता मुकेश, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त राजीव कुमार यादव, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण)/आरएसपी प्रभात कुमार, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक नीरज कुमार तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक आनंद कुमार, मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (यात्री सेवा) रश्मि बघेल, मुख्य परियोजना प्रबंधक (गतिशक्ति यूनिट) संजय कुमार सिंह उपस्थित थे।
