khabar abhi tak

पीएम आवास पर उपराष्ट्रपति चुनाव से पहले एनडीए सांसदों की डिनर पार्टी रद्द, ये वजह आई सामने

 
नई दिल्ली.
उपराष्ट्रपति चुनाव से ठीक एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर प्रस्तावित एनडीए सांसदों के लिए डिनर पार्टी को रद्द कर दिया गया है। यह आयोजन 8 सितंबर को होना था और माना जा रहा था कि यह कार्यक्रम चुनाव पूर्व रणनीति बैठक का हिस्सा था। कार्यक्रम रद्द करने का मुख्य कारण देश के कई हिस्सों में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदाओं को बताया जा रहा है। खासकर उत्तर भारत के राज्य जैसे पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर इस समय बाढ़ की गंभीर चपेट में हैं।

इसी दिन भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर भी पार्टी नेताओं के लिए डिनर प्रस्तावित था, जिसे अब रद्द कर दिया गया है। यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब देश में मानसून ने कहर बरपाया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी इस प्राकृतिक आपदा पर चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में बाढ़, बादल फटने और लगातार बारिश से हुए नुकसान से वह बेहद दुखी हैं। उन्होंने प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, असम और जम्मू-कश्मीर सहित कई राज्यों में बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। ऐसे में केंद्र सरकार और राजनीतिक दलों की यह संवेदनशीलता दर्शाती है कि आपदा की इस घड़ी में पूरा देश एकजुट है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak