महिला ने पुलिस से की शिकायत में कहा कि विरोध करने पर 10 माह की बेटी की हत्या की धमकी देते। आरोपी कहते थे कि किसी ने बताया है कि ऐसा करने से तुम्हारा पति जल्दी ठीक हो जाएगा। जब महिला ने अपने पति को बताया तो उसने कहा कि मैं ठीक हो रहा हूं तो तुम्हें क्या दिक्कत है। दोनों जेठ द्वारा किए जा रहे रेप से परेशान महिला देर रात अपने परिजनों के साथ थाना पहुंची और पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी, जिसपर पुलिस ने दोनो जेठ के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में दोनों जेठ ने आरोपों को झूठा बताया है।
डबरा के युवक से मई 2023 में हुआ था निकाह-
डबरा में रहने वाली पीडि़ता ने महिला थाना में शिकायत की है। पीडि़ता ने बताया कि उसका निकाह 5 मई 2023 को डबरा निवासी एक युवक के साथ हुआ था। निकाह के एक साल तक मैं अपनी ससुराल में ठीक से रही। उसके बाद मेरे पति का स्वास्थ खराब होने की वजह से वह जावरा (रतलाम) चले गए।
पति के बाहर जाते ही दोनों जेठ कमरे में आए&
पति जावरा गए थे, रात 1 बजे मंझला जेठ कमरे में आ गया और दुष्कर्म किया। मैंने विरोध किया तो उसने मेरे पास सो रही 10 महीने की बेटी की हत्या की धमकी दी। मंझले जेठ के जाते ही बड़ा जेठ कमरे में आया और दुष्कर्म किया। पीडि़ता के मुताबिक कमरे के दरवाजे पर कूलर लगा था, इसलिए दरवाजा बंद नहीं था। इसी का फायदा उठाकर दोनों जेठ कमरे में आए थे।
पति के घर लौटने पर बताया तो उसने पीटा-
पीडि़ता ने बताया कि पति जावरा से घर वापस आए तो मैंने उसे सारी बात बताई। पति ने मेरी बात झूठ मानते हुए मारपीट की। उसके बाद हम जंगीपुर वाले घर से बाजार वाले घर पर रहने लगे। वहां भी जब पति घर पर नहीं होते थे तो जेठ आते और दुष्कर्म करते थे।
मायके में आकर रहने लगी, परिजनों को बताया-
ऐसे हालात में पीडि़ता अपने मायके आ गई। यहां पति लेने आया तो उसने जाने से मना कर दिया। परिजन ने कारण पूछा तो उसने आपबीती सुनाई। इसके बाद मायके वालों ने समाज व परिवार के लोगों को बैठाकर पंचायत बुलाई। लेकिन पीडि़ता के ससुराल पक्ष से कोई नहीं आया। इसके बाद परिवार के साथ ग्वालियर महिला थाने जाकर केस दर्ज कराया।