जबलपुर। भेड़ाघाट बायपास की पुलिया के नीचे रविवार रात अंधेरे में खड़े होकर एक ग्राहक को गांजा सप्लाई करने के बाद दूसरे का इंतजार कर रहे तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस और क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के कब्जे से बैग में रखा 4 किलो गांजा और नकद चालीस हजार रूपए जब्त किए।
भेड़ाघाट पुलिस थाना प्रभारी कमलेश चौरिया ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की गई है। पुलिस दल ने घेरा बनाकर छापा मारा था। मौके पर भागने के पहले ही कजरवारा निवासी रवि विजय कुमार भगत, सौरभ यादव और धोबीघाट निवासी हेप्पी शेखर को पकड़ा था। पुलिस को छानबीन के दौरान उनके पिट्ठू बैग में गांजा मिला था। पुलिस आरोपियों से गांजा संबंधी पूछताछ कर रही है। पुलिस दल आरोपियों के मोबाइल को खंगाल रही है ताकि गांजा के मुख्य सरगना तक पहुंच सके।
