सवाईमाधोपुर। बामनवास उपखण्ड के लाडपुरा गांव में तेज बारिश के साथ एक घर में आकाशीय बिजली आफत बनकर गिरी। बिजली करंट की चपेट में आने से 14 वर्षीय बालिका क्रांति पुत्री इंद्रप्रसाद खारवाल की मौत हो गई। वहीं परिवार के आठ अन्य लोग झुलस गए।
घटना के समय क्रांति अपने परिवार के सदस्यों के साथ कमरे के बाहर सीढिय़ों पर बैठकर टेलीविजन देख रही थी। तभी मकान की छत पर लगी रेलिंग पर बिजली गिरी। करंट नीचे तक प्रवाहित हो गया। इससे कमरे में रखे कई विद्युत उपकरण फुंक गए और करंट से फर्श पर बैठे सभी लोग झुलस गए।
हालांकि कमरे में लकड़ी के बेड पर बैठे आधा दर्जन लोग करंट की चपेट में नहीं आए। झुलसे आठ लोगों में से पांच को राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बामनवास में भर्ती कराया गया, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल को गंगापुरसिटी जिला चिकित्सालय भेजा।
घायलों में ये हैं शामिल
घटना के दौरान घायल हुई बहन गीतांजलि (10), शर्मिला (7) पुत्री इंदरसिंह खारवाल एवं बुआ रेखा (22) पत्नी भोलाराम खारवाल को गंगापुरसिटी जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, वहीं राघव (3 माह) पुत्र भोलाराम, राजकुमारी (16) पुत्री गिर्राज खारवाल, अनीता (12) पुत्री गिर्राज खारवाल, उर्मिला (42) पत्नी यालीराम खारवाल एवं दिया (8) पुत्री ज्ञानसिंह खारवाल को राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बामनवास में भर्ती कराया।
