मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ के पुलिस लाइन में 31 अगस्त की देर रात 9 बजे के लगभग जब पुलिसकर्मियों के परिवार भोजन कर रहे थे, तभी मकान की छत भरभराकर गिर गई और उसमें कई लोग दब गये, जिसमें 8 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है.
दरअसल, पुलिस लाइन में रविवार रात जर्जर छत भरभराकर गिर गई। मलबे में 8 लोग दब गए। पुलिस, फायर बिग्रेड और स्थानीय लोगों ने सभी को 30 मिनट में रेस्क्यू कर निकाल लिया। पास के सुशीला जसवंत राय अस्पताल ले गए। हादसा पुलिस लाइन गेट नंबर 5 के पास हुआ। इस मकान में सरकारी टेलर ओमकार परिवार के साथ रह रहे थे।
एक घायल विशाल ने बताया कि रात के 9 बज रहे थे। हम 8 लोग बैठकर खाना खा रहे थे। अचानक चरचराहट-सी आवाज हुई। देखते ही देखते घर की छत लोगों पर गिर गई। मेरे मम्मी-पापा, पत्नी, छोटे बच्चे दब गए। कुछ देर तक मानों मुझे होश नहीं रहा, देखा तो चारों तरफ मलबा था। मेरा पूरा परिवार उसमें दबा था। चीखें सुनकर पड़ोसी आए। टीमें पहुंची। हमें निकाला गया। हम लोगों के कपड़ों पर पूड़ी सब्जी, दाल लग गई। मां-पापा की हालत गंभीर है।
