khabar abhi tak

जबलपुर : जॉली एलएलबी-3 के गाने, वकील है तेरा भाई, पर हाईकोर्ट ने अक्षय कुमार, अरशद वारसी को भेजा नोटिस

 
जबलपुर.
सुभाष कपूर के निर्देशन में बनी जॉली एलएलबी 3 आगामी 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिसमें अक्षय कुमार और अरशद वारसी मुख्य भूमिकाओं में हैं। लेकिन रिलीज से पहले ही फिल्म विवादों में आ गई है। फिक्र न कर तेरा भाई वकील है, गाने पर आपत्ति जताते हुए जबलपुर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई। आज सुनवाई के बाद कोर्ट ने डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और दोनों अभिनेताओं समेत 8 लोगों को नोटिस जारी कर 17 सितंबर तक जवाब मांगा है। यह याचिका अधिवक्ता प्रांजल तिवारी ने दायर की है। फिल्म में अक्षय कुमार और अरशद वारसी पहली बार कोर्टरूम में एक-दूसरे के खिलाफ दलीलें देते नजर आएंगे।

अधिवक्ता प्रांजल तिवारी की याचिका में कहा गया कि फिल्म में गले में बैंड लगाकर और गाउन पहनकर डांस किया गया है। साथ ही गाने में फिक्र न कर तेरा भाई वकील है जैसे बोल और कोर्टरूम में डांस का दृश्य दिखाया गया है, जो वकालत पेशे और न्यायपालिका की गरिमा का अपमान है।

गाने में जज के लिए मामू का प्रयोग किया

याचिकाकर्ता की ओर से एडवोकेट प्रमोद सिंह तोमर ने दलील दी कि गाने में जज के लिए मामू जैसे शब्दों का प्रयोग किया गया है, जो न्यायपालिका की छवि धूमिल करता है। उन्होंने मांग की कि फिल्म से विवादित गाना हटाया जाए और भविष्य में वकीलों-जजों की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री पर रोक लगे।

8 लोगों को नोटिस जारी किए

एडवोकेट प्रमोद सिंह तोमर ने बताया कि जॉली एलएलबी 3 के एक गाने को लेकर 9 सितंबर को हुई पहली सुनवाई में हाईकोर्ट ने निर्देश दिया था कि डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और एक्टर को भी पक्षकार बनाया जाए। इसके बाद दायर एप्लिकेशन पर आज चीफ जस्टिस की डिवीजन बेंच ने जज और वकील पर फिल्माए गए गीत भाई वकील पर आपत्ति स्वीकार करते हुए 8 लोगों को नोटिस जारी किए हैं। इनमें राज्य शासन के मुख्य सचिव, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (दिल्ली) के सचिव, सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) के चेयरपर्सन, फिल्म के डायरेक्टर सुभाष कपूर, प्रोड्यूसर आलोक जैन, अजीत, अभिनेता अक्षय कुमार और अरशद वारसी शामिल हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak