जबलपुर रेल मंडल के सागर-बीना ट्रैक पर हादसा, रेलवे फाटक को ट्रक ने तोड़ा, 3 घंटे तक रुकी रहीं ट्रेनें

 
सागर/जबलपुर.
पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर रेल मंडल के सागर-बीना रेलखंड के जरुआखेड़ा रेलवे फाटक पर आज रविवार 14 सितम्बर की सुबह एक रेल हादसा हो गया, जब एक तेज रफ्तार ट्रक रेल फाटक तोड़ते हुए रेल लाइन के बीच जा फंसा. इस घटना से लगभग 3 घंटे तक यातायात बाधित रहा. दमोह-भोपाल राज्यरानी एक्सप्रेस सहित कई गाडिय़ां प्रभावित हुईं.

बताया जाता है कि रेलवे ट्रैक के जरुआखेड़ा रेलवे फाटक पर सीमेंट से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर फाटक तोड़ते हुए रेलवे ट्रैक पर जा फंसा। ट्रक दूसरी और तीसरी लाइन के बीच अटक गया। रेलकर्मियों ने तुरंत ट्रेनों का आवागमन रोक दिया। इस दौरान करीब ढाई घंटे तक ट्रेनें रुकी रहीं। घटना की जानकारी मिलते ही रेल अधिकारी, आरपीएफ और जिला पुलिस बल मौके पर पहुंचे। ट्रक को हटाने के लिए दो जेसीबी और एक क्रेन की मदद ली गई। सीमेंट भरी बोरियां खाली कराने के बाद ट्रक को ट्रैक से हटाया गया।

प्रभावित रहीं राज्यरानी एक्सप्रेस और मालगाडिय़ां

दुर्घटना के कारण दमोह-भोपाल राज्यरानी एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी का संचालन प्रभावित हुआ। सुबह 9 बजे के करीब ट्रैक से ट्रक हटने के बाद यातायात बहाल हो सका। मामले में आरपीएफ ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। ट्रक को जब्त किया गया है।


Post a Comment

Previous Post Next Post