भोपाल. मध्यप्रदेश में बारिश का नया सिस्टम सक्रिय हो गया है। एक मानसून टर्फ प्रदेश के बीच में से गुजर रही है। इसके चलते इंदौर, भोपाल, जबलपुर और नर्मदापुरम संभाग में असर देखने को मिलेगा। रविवार 14 सितम्बर को 8 जिलों में तेज बारिश होने का अलर्ट है।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में शनिवार को मानसून टर्फ की एक्टीविटी देखने को मिली। वहीं अन्य सिस्टम भी एक्टिव है। इसके चलते शनिवार को कई जिलों में बारिश हुई। अगले 24 घंटे के दौरान भी तेज बारिश होने के आसार है।
प्रदेश में अब तक 41.9 इंच बारिश हुई
बता दें कि प्रदेश में अब तक औसत 41.9 इंच बारिश हो चुकी है, जो कोटे से 11 प्रतिशत अधिक है। 30 से ज्यादा जिलों में सामान्य बारिश का कोटा फुल हो चुका है। मालवा-निमाड़ यानी, इंदौर-उज्जैन संभाग में हाल बुरे हैं। 15 में से 5 जिले-खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, शाजापुर और बड़वानी में 27 इंच पानी भी नहीं गिरा है।
कोटे से 4.4 इंच ज्यादा बारिश
प्रदेश में 16 जून को मानसून ने आमद दी थी। तब से अब तक औसत 41.9 इंच बारिश हो चुकी है। अब तक 34.5 इंच पानी गिरना था। इस हिसाब से 7.4 इंच पानी ज्यादा गिर चुका है। प्रदेश की सामान्य बारिश औसत 37 इंच है। यह कोटा पिछले सप्ताह ही पूरा हो गया है। 4.9 इंच पानी ज्यादा गिर गया है।
इन जिलों में पानी का कोटा पूरा
30 जिले-भोपाल, राजगढ़, रायसेन, विदिशा, अलीराजपुर, बड़वानी, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, दतिया, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, रतलाम, मंदसौर, नीमच, आगर-मालवा, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, सतना और उमरिया में बारिश का कोटा फुल हो चुका है। कई जिले ऐसे हैं, जहां आंकड़ा डेढ़ सौ प्रतिशत के पार है। श्योपुर में कुल 213 प्रतिशत पानी गिर चुका है।
