सागर। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में आज सुबह वार्ड से एक महिला नवजात बच्चा चोरी कर ले गई। घटना के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। सीसीटीवी फुटेज में लाल रंग की साड़ी पहने महिला बच्चे को ले जाती दिखी। फुटेज के आधार पर महिला की लोकेशन कर्रापुर में मिली। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया है।
शाहगढ़ की है बच्चा चोरी करने वाली महिलाएं-
गिरफ्तार महिलाएं शाहगढ़ की रहने वाली बताई जा रही हैं। इनमें से एक की उम्र करीब 70 साल है। दोनों से पूछताछ जारी है। पुलिस और डॉक्टरों की टीम ने नवजात को बीएमसी पहुंचाकर मां से मिलवाया और फिर निगरानी के लिए एसएनसीयू में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है।
आरोपी महिला सुबह से वार्ड में घूम रही थी-
बच्चे की मां सोमती आदिवासी ने बताया कि एक महिला सुबह से वार्ड में घूम रही थी। वो पलंग के पास भी बार-बार आ रही थी। बच्चा मेरे बगल में पलंग पर सो रहा था, तभी वो चुराकर ले गई। मुझे पता ही नहीं चला। बच्चा नहीं होने पर परिवार के लोगों को बताया। फिर पुलिस ने उसे ढूंढ लिया?।
बीएमसी प्रबंधन ने बनाई जांच कमेटी, गार्ड निलंबित-
बीएमसी के डीन डॉ पीएस ठाकुर ने बताया कि बच्चा चोरी होने की सूचना मिलते ही उसकी तलाश शुरू कर दी गई थी। तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई है। घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों को 15 दिन के लिए निलंबित किया गया है।