पुलिस को लिखित शिकायत देते हुए हरिराम ने बताया कि 6 जून वर्ष 2022 को दमोह के पढरी गांव में रहने वाली ललिता अहिरवार से शादी हुई थी। शादी के एक साल बाद बेटी हुई। करीब 10 दिन पहले बेटा हुआ था। बेटे के जन्म के बाद परिवार में खुशी का माहौल रहा। बीती सुबह 5 बजे ललिता अपने नवजात को दूध पिलाने के बाद घर से बाहर निकली, इसके बाद लौटकर नहीं आई। हरिराम ने पहले तो यही समझा कि कहीं गई होगी आ जाएगी। लेकिन बहुत देर तक घर न लौटने से पति हरिराम घबरा गया, उसने अपने स्तर पर तलाश की लेकिन पत्नी ललिता का कहीं पता नहीं चला तो थाना पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने गुम इंसान का मामला कायम करते हुए महिला की तलाश शुरु कर दी है। वहीं दूसरी ओर पत्नी की तलाश में हरिराम इधर से उधर भटक रहा है।