आरोपी पति, सास, ससुर एवं देवर के विरूद्ध प्रकरण दर्ज
जबलपुर। हिन्दु रीति-रिवाज से एक परिवार ने अपने जिगर के टुकड़े को डोली में विदा कर अपना संसार बसाने की कामना की, लेकिन दहेज लोभी ससुरालजनों के हथकंडों से परेशान ' साक्षी 'अपने आदर्श विवाद में छह माह ही बहू रह सकी। ससुराल वालों की मांग और प्रताड़ना तो वह सहती रही है लेकिन आखिरकार, ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया। घर से बाहर होने वाली साक्षी ने इस मामले की पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।
भेड़ाघाट पुलिस ने बताया कि गुरूवार को कूड़न निवासी साक्षी मिश्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका विवाह 20 फरवरी को हिन्दू रीति रिवाज से ग्राम बमुरहा हिनोता निवासी आदर्श मिश्रा के साथ हुआ था। शादी में उसके माता-पिता ने लगभग 12 लाख रूपये खर्च किये थे। टीका के समय उसके पति को सोने की अंगूठी चेन तथा 2 लाख 51 हजार रूपये नगद दिये थे। शादी में गृहस्थी का सामान दिया था। शादी के लगभग एक माह बाद से ही सास माधुरी मिश्रा, ससुर श्याम मिश्रा, देवर सिद्धांत मिश्रा एवं पति आदर्श मिश्रा कम दहेज मिलने को कहकर शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। वे दहेज में 5 लाख रूपये तथा स्विफ्ट कार की मांग करने लगे। 7 अगस्त की बात है, जब ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट कर गाली गलौच करते हुए जेवर एवं पास में रखे हुए पैसे रख लिये और उसे घर से भगा दिया। ससुराल वालों ने कहा कि 5 लाख रूपये नगद एवं स्विफ्ट कार लेकर ही यहां आना नहीं तो अपने मायके में ही रहना। महिला ने रिपोर्ट में बताया कि उसके माता-पिता और समाज के लोगों ने उसके ससुराल वालों अनुरोध किया, लेकिन वो उनकी बात मानने को तैयार नहीं है।
