जबलपुर। कुण्डम स्थित ग्राम देवरी खुर्द कुण्डम में जमीन विवाद पर किसान पंचम लाल बरकड़े की लाठियों से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। किसान पंचम लाल की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी राम कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार देवरी खुर्द कुण्डम निवासी पंचमलाल बरकड़े का राम कुशवाहा के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। विवाद के चलते कई बार राम कुशवाहा द्वारा गाली गलौज कर मारपीट की गई है। बीती दोपहर भी पंचम लाल ग्राम राजा इमलई स्थित अपने खेत से काम निपटाकर अपने घर के लिए रवाना हुए। हाई स्कूल के पास रात 8 बजे के लगभग राम कुशवाहा ने रोककर गाली गलौज शुरु कर दी। पंचम लाल ने गाली बकने से मना किया तो उसपर लाठियों से हमला कर दिया। हमले में पंचम लाल बरकड़े के हाथ, पसली सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई। वह लडख़ड़ाते हुए घर पहुंचे, जिन्हे देख पत्नी बिसरतीबाई ने पूछताछ की तो बताया कि राम कुशवाहा ने लाठियों से मारा है। दर्द के कारण पंचम लाल बिना भोजन किए सो रहे। देर रात 3 बजे के लगभग पंचम लाल की मौत हो गई। पत्नी बिसरतीबाई ने देखा तो बेटे सहित अन्य परिजनों को बुलाया, देखा तो पंचम लाल का शरीर अकड़ चुका था। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी पहुंच गए, जिन्हे परिजनों ने पूछताछ में घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर प्रकरण दर्ज कर तलाश शुुरु कर दी। कुछ ही देर में पुलिस ने आरोपी राम कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया।