फिरोजाबाद. यूपी के फिरोजाबाद में दो नाबालिग चचेरी बहनों ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। दोनों बिना बताए घर से निकली थीं और नेताजी एक्सप्रेस के आगे कूद गईं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शिकोहाबाद के मक्खनपुर रेलवे यार्ड के पास मंगलवार को हादसा हुआ। गांव जेबड़ा की रहने वाली रश्मि (15) पुत्री सील कुमार और मुस्कान (14) पुत्री स्वामी चचेरी बहनें थीं। मंगलवार को वह दोनों घर से बिना बताए निकल आई थीं। उन दोनों ने मक्खनपुर रेलवे यार्ड पर ट्रेन के आगे कूद कर अपनी जान दे दी। दोनों की मौत मौके पर ही हो गई। ट्रेन चालक ने तुरंत घटना की सूचना दी।
जीआरपी की टीम पहुंची
जीआरपी शिकोहाबाद टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर थाना मक्खनपुर का कहना है कि अभी तक की जांच में केवल यह सामने आया है कि ट्रेन की चपेट में आकर दो किशोरियों की मौत हुई है। अब इन्होंने आत्महत्या की है या क्या मामला है इसकी जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
