जबलपुर। अफगानी नागरिक सोहबत अली के पकड़े जाने के बाद एटीएस ने मंगलवार को फिर सतपुला के पास कंबल बेच रहे एक और अफगानी नागरिक को पकड़ा है। एटीएस इस विदेशी नागरिक से पूछताछ कर रही है।
सूत्रों ने बताया कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रह रहे विदेशी नागरिकों के मामले में अफगानी मूल के याकूब खान को एटीएस ने दबोचा है। एटीएस सूत्रों के मुताबिक पकड़ा गया याकूब अफगानी नागरिक सोहबत अली का रिश्तेदार बताया जा रहा है। वह सतपुला में फेरी लगाकर कंबल और गर्म कपड़े बेचने का काम कर रहा था।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि याकूब खान भी फर्जी दस्तावेजों के सहारे ही जबलपुर में रह रहा था। याकूब भी उसी मकान में रह रहा था, जहां से कुछ समय पहले सोहबत अली को गिरफ्तार किया गया था। यह मकान ओमती थाना क्षेत्र के आठ नल मोहल्ले में स्थित है। एटीएस याकूब से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि महत्वपूर्ण जानकारी हाथ आ सके।
