नई दिल्ली. सितंबर 2025 से देश में कई बड़े वित्तीय और सेवा संबंधी बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जिनका असर सीधे आम लोगों की जेब और बजट पर पड़ेगा. जिसमें पेंशन योजना की समयसीमा, ITR की अंतिम तिथि, इंडिया पोस्ट की नई व्यवस्था, क्रेडिट कार्ड के नियम, स्पेशल एफडी की डेडलाइन और एलपीजी-सीएनजी-पीएनजी कीमतों में बदलाव शामिल हैं.
जानें सितंबर में होने वाले सात बड़े बदलाव
- सबसे पहले, आयकर विभाग ने इस बार आईटीआर भरने की समयसीमा 15 सितंबर तक बढ़ा दी थी. अब यह अंतिम मौका है और इसके बाद लेट फाइलिंग पर पेनल्टी और नोटिस का खतरा रहेगा.
- दूसरे बदलाव के तहत, राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) में आने वाले केंद्र सरकार के कर्मचारियों को यूनिफाइड पेंशन योजना (यूपीएस) चुनने के लिए 30 सितंबर तक का समय दिया गया है. पहले यह समयसीमा 30 जून थी.
- तीसरे बदलाव में, भारतीय डाक विभाग ने 1 सितंबर से घरेलू स्तर पर साधारण पंजीकृत डाक को पूरी तरह स्पीड पोस्ट सेवा में मिला दिया है.अब किसी भी पंजीकृत डाक की डिलीवरी स्पीड पोस्ट के जरिए ही होगी.
- चौथे बदलाव के अनुसार, एसबीआई कार्ड ने अपने चुनिंदा कार्ड्स पर रिवॉर्ड प्वाइंट्स नियमों में संशोधन किया है. अब डिजिटल गेमिंग और सरकारी वेबसाइट पर खर्च करने पर रिवॉर्ड प्वाइंट्स नहीं मिलेंगे.
- पांचवें बदलाव में, इंडियन बैंक और आईडीबीआई बैंक की स्पेशल एफडी योजनाओं में निवेश की अंतिम तिथि 30 सितंबर तय की गई है. इंडियन बैंक की 444 और 555 दिन वाली एफडी और आईडीबीआई बैंक की 444, 555 और 700 दिन की एफडी का लाभ इस तारीख तक लिया जा सकता है.
- छठा बदलाव सीएनजी, पीएनजी और जेट फ्यूल (एएफटी) की कीमतों को लेकर है. ऑयल कंपनियां हर महीने की शुरुआत में इनके दाम संशोधित करती हैं, ऐसे में सितंबर में भी इनके दामों में बदलाव हो सकता है.
- सातवां और सबसे अहम बदलाव एलपीजी सिलेंडर की कीमतों का है. अगस्त में कमर्शियल सिलेंडर लगभग 33.50 रुपये सस्ता हुआ था. अब सितंबर में भी एलपीजी के दामों में संशोधन देखने को मिल सकता है. दिल्ली में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर 853 रुपये का है, जो अप्रैल से स्थिर है.
सभी बदलावों का असर आम लोगों की मासिक जेब खर्च पर साफ दिखाई देगा. ऐसे में जरूरी है कि समयसीमा और नए नियमों की जानकारी समय रहते अपडेट कर ली जाए.
