हथियार तस्करी के आरोपियों ने पुलिस कर्मियों पर किया हमला, वर्दी फाड़ी, 4 जवान घायल, फिर भी हमलावरों को पकड़ लिया
byKhabarAbhiTak-
0
बुरहानपुर। खकनार क्षेत्र में पुलिस टीम पर अवैध हथियार तस्करी के आरोपियों ने उस वक्त हमला कर दिया, जब टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। हमलारों व उनके साथियों ने गाड़ी की चाबी छीनकर जवानों के साथ मारपीट कर दी। हमले में टीआई अभिषेक जाधव सहित चार पुलिस कर्मी घायल हुए है। फिर भी पुलिस ने मुख्य आरोपी सरताज व शेरसिंह को गिरफ्तार कर लिया। वहीं तीन आरोपी भागने में सफल रहे। पुलिस भोपाल एसटीएफ के एक मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करने पहुंची थी।
बताया जा रहा है कि सरताज और शेरसिंह पर पहले से ही अवैध हथियारों की तस्करी व अन्य अपराधों के पांच-पांच मामले दर्ज हैं। सरताज के खिलाफ उत्तराखंड के रुद्रपुर में पंचायत चुनाव के दौरान हथियार सप्लाई करने का मामला भी दर्ज है। वहीं दोनों आरोपियों पर भोपाल एसटीएफ ने आम्र्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर 30-30 हजार का इनाम भी घोषित किया था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पकड़ से बचने के लिए झूमाझटकी की, गालियां दीं और पुलिसकर्मियों को ही झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी। फिलहाल पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ फिर से नए केस दर्ज किए गए हैं। साथ हीए फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। भोपाल से एसटीएफ की विशेष टीम भी बुरहानपुर पहुंच रही है।