भोपाल. मध्यप्रदेश के इंदौर, उज्जैन-जबलपुर समेत 23 जिलों में शुक्रवार को भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं, 3 जिलों में मौसम विभाग ने अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बड़वानी के सेंधवा में सुबह तेज बारिश हुई। शाजापुर के अकोदिया में कोहरा छाया रहा। धार जिले में मनावर के गणपुर, सिरसी, देवगढ़ गांगली, कवठी, अजंदीकोट, एकलबारा, सेल्लदा, करोली, पछखेडा, सिरसाला, अजंदा में भी पानी गिरा।
मौसम विभाग के अनुसार, देवास, खंडवा और बुरहानपुर में अगले 24 घंटे के दौरान साढ़े 8 इंच तक पानी गिर सकता है। वहीं, इंदौर, उज्जैन, खरगोन, बड़वानी, धार, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, नीमच, मंदसौर, सीहोर, हरदा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, जबलपुर, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी में साढ़े 4 इंच बारिश होने की संभावना है। भोपाल, ग्वालियर समेत अन्य जिलों में हल्की बारिश का दौर बना रहेगा।
इससे पहले गुरुवार को पचमढ़ी में पौने 2 इंच बारिश हो गई। गुना में डेढ़ इंच और इंदौर में आधा इंच पानी गिरा। बैतूल, दतिया, नर्मदापुरम, राजगढ़, उज्जैन, जबलपुर, टीकमगढ़, शाजापुर समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहा।
तीन सिस्टम से बारिश का दौर
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मध्यप्रदेश से एक ट्रफ गुजर रही है। एक मानसून ट्रफ और तीन साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम भी एक्टिव हैं। लो प्रेशर एरिया (कम दबाव का क्षेत्र) की भी एक्टिविटी है। इस वजह से बारिश का दौर बना हुआ है।
