khabar abhi tak

पीएमश्री स्कूल के 22 बच्चों को स्कूल से निकाला, खाते थे तंबाखू-गुटका


स्कूल की छबि बिगाड़ने का आरोप, पालकों की जिम्मेदारी पर वापस लिए जा रहे छात्र

जबलपुर। गौर स्थित प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया के तहत पीएमश्री शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सालीवाड़ा  से 22 बच्चों को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। स्कूल प्रबंधन ने यह कार्रवाई छबि बिगाड़ने वाले छात्रों पर की है। छात्रों पर हुई अचानक इस कार्रवाई से अभिभावकों में रोष है। अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन से बातचीत की है, जिसमें यह सामने आया है कि बच्चों की हकीकत को पालकों के सामने लाया गया है, जिसमे पालकों ने अपने बच्चों की जवाबदारी ली है। जिन पालकों ने स्कूल प्रबंधन से रायशुमारी की है, उनके बच्चों को वापस लिया गया है।

ये थे छात्रों पर आरोप

स्कूल प्रबंधन के मुताबिक संबंधित विद्यार्थी शाला में अनुशासनहीनता कर रहे थे। कक्षाओं में न बैठकर परिसर में छुपकर घूमते रहते थे। तंबाकू-गुटके का परिसर में सेवन कर रहे थे। परिसर को गंदा कर रहे थे। अनियमित उपस्थित रही। इससे अध्यनरत अन्य विद्यार्थियों पर भी इनका दुष्प्रभाव पड़ रहा था। शाला में इन बच्चों से तंबाकू-गुटका शिक्षकों द्वारा बरामद किया गया था।

बैठक कर निर्णय

स्कूल प्राचार्य आभा वनखेड़े और शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की शाला शैक्षिक समिति द्वारा सर्वसम्मति से यह निर्णय पारित किया गया है कि ऐसे उदंड बच्चों को शाला में नियमित नहीं रखा जा सकता है। निर्णय तो यह लिया गया है कि इन समस्त बच्चों को टीसी प्रदान कर दी जाए। लेकिन बच्चों के भविष्य को देखते हुए पुनः अंतिम निर्णय यह लिया जा रहा है कि बच्चों को तिमाही की परीक्षा से वंचित करते हुए तथा शाला परिसर को गंदा करने के लिए 500 रूपए की पेनल्टी अभिभावक जमा करेंगे। बच्चों को एक माह के लिए 14 अगस्त से 14 सितंबर 2025 तक के लिए शाला से निलंबित किया जाता है।

- स्कूल का अनुशासन बिगाड़ने वाले छात्रों को एक माह के लिए निलंबित किया गया है। अभिभावकों के द्वारा जवाबदारी लिए जाने पर उन्हें वापस लिया जा रहा है। बच्चों की शैक्षणिक हानि नहीं होने दी जाएगी।

घनश्याम सोनी, डीईओ

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak