khabar abhi tak

तांत्रिक का कुकर्म : बुखार-जुखाम पीडि़ता नवविवाहिता को बताया प्रेत बाधा, नशीला पाउडर सुंघाकर किया रेप

 

कानपुर। बुखार-जुखाम होने पर डाक्टर पर भरोसा न कर तांत्रिक से झाडफ़ूंक कराना एक परिवार को भारी पड़ गया। तांत्रिक ने नवविवाहिता पर प्रेत बाधा होने की बात कहकर घर पर पूजा की। मौका पाकर नवविवाहिता को बेहोश कर दुष्कर्म किया। 

होश आने पर आरोपित उससे मुंह खोलने पर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी देकर भाग निकला। पीडि़ता ने घटना परिवार को बताई और सचेंडी थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने रविवार को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

चौबेपुर की 20 वर्षीय युवती की शादी पांच मई को सचेंडी थाना क्षेत्र के एक गांव के फैक्ट्रीकर्मी से हुई थी। नवविवाहिता ने बताया कि उसे कुछ माह से समय से खांसी-जुखाम व बुखार बना हुआ था। इलाज कराने पर भी लाभ नहीं मिला। इस पर सास ने गांव के परिचित से चर्चा की।

परिचित ने ऊपरी चक्कर की आशंका जता अपने परिचित तांत्रिक बाबा बृजेश यादव से मिलवाया। तांत्रिक ने नवविवाहिता को देखते ही प्रेत बाधा बताई। सास ने उपाए पूछा तो घर पर पूजा कर शुद्धिकरण करने के लिए कहा। वह 15 जुलाई को घर पर पूजा करने आया और शुद्धिकरण के नाम पर नवविवाहिता को छोड़ परिवार के अन्य लोगों को घर से बाहर कर दिया।

पीडि़ता का आरोप है कि, तांत्रिक ने पूजा के दौरान नहाकर आने को कहा। जब वह लौटी तो तांत्रिक ने मंत्र फूंकते हुए एक शीशी से पाउडर निकाल उसकी नाक पर लगा दिया,जिससे वह बेहोश हो गई। करीब एक घंटे बाद होश आने पर उसकी हरकत देखी तो विरोध किया। इस पर तांत्रिक ने धमकाया कि अब सारी प्रेत बाधा दूर हो चुकी है। शिकायत करने की बात पर तांत्रिक ने कहा कि अगर किसी के सामने मुंह खोला तो तेरी जिंदगी बर्बाद कर दूंगा। प्रेत बाधा के चलते कोई उस पर भरोसा नहीं करेगा। यह बोलकर आरोपित वहां से चला गया। देर शाम पीडि़ता ने पति और सास को घटना बताई। परिवार अगले दिन चौकी पहुंचा, लेकिन चौकी पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई। इसके बाद परिवार सचेंडी थाने पहुंचा।

थाना प्रभारी दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित तांत्रिक के खिलाफ दुष्कर्म समेत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पीडि़ता का मेडिकल कराया जा रहा है। मेडिकल के बाद सोमवार को मजिस्ट्रेटी बयान के लिए भेजा जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak