वकीलों की मांग : दिल्ली-जबलपुर चले वंदेभारत , रेल मंत्री को लिखा पत्र


जबलपुर।
वंदेभारत ट्रे्न को जबलपुर और दिल्ली के बीच चलाया जाए। इस आशय संबंधी एक पत्र मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद के चेयरमेन ने रेलमंत्री को लिखा है। मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद के चेयरमेन राधेलाल गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रेल मंत्री, मुख्य सचिव, केबिनेट मंत्री राकेश सिंह एवं सांसद आशीष दुबेए सांसद ने यह मांग उठाई है। अधिवक्ता परिषद के चेयरमेन ने बताया कि जबलपुर के चारों तरफ लगभग 200 किलोमीटर की परिधि में कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय महत्व एवं मापदंड वाले पर्यटन स्थल आते हैं। इनमें कान्हा राष्ट्रीय उद्यान, खजुराहो, पचमढ़ी, भेहाघाट, पन्ना राष्ट्रीय उद्यान, बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान, बरगी, अमरकंटक, मदनमहल का किला, नर्मदा गौर संगम एवं अन्य राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय महत्व एवं मापदंड के पर्यटन स्थल हैं। इन स्थलों पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटक भ्रमण करने आते हैं। वंदेभारत ट्रेन चलने से पर्यटन में इजाफा होगा। मध्यप्रदेश के उच्च न्यायालय के मुख्यपीठ जबलपुर में स्थित है। रक्षा के महत्वपूर्ण आयुध फैक्ट्रीयों एवं आयुध संस्थायें जबलपुर में मौजूद है। उन्होने यह भी बताया कि वंदेभारत ट्रेन विभिन्न शहरों में चलाई जा रही है लेकिन जबलपुर शहर को अनदेखा किया जा रहा है। जबलपुर से दिल्ली के बीच बहुत ही कम ट्रेन चल रही है। एक ही हवाई जहाज है, ऐसे स्थिति में जबलपुर शहर देश की राजधानी से अलग हो गया है। मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद के बाईस चेयरमेन आरके सिंह सैनी ने यह मांग की है कि जबलपुर-दिल्ली के बीच नियमित वंदेभारत ट्रेन चलाये जाने की सौगात जबलपुर शहर को जल्द से जल्द दी जाये। वंदेभारत चलाने के लिए मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के पदाधिकारी धन्यकुमार जैन, पारितोष त्रिवेदी एवं जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारीगण मनीष मिश्रा, ज्योति राय ने बताया कि जबलपुर से दिल्ली के बीच वंदेभारत ट्रेन चलाया जाना अतिआवश्यक है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post