14 साल पहले काटी एक साल की सजा-
2011 में कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी, उसके भाई व एक अन्य आरोपी को जानलेवा हमले के मामले में कोर्ट ने एक-एक साल के कारावास की सजा सुनाई थी। यह हमला 6 मई 2009 को इंदौर के आजादनगर चौराहे के पास अनवर हुसैन पर किया गया था। अनवर हुसैन आरोपियों पर चल रहे एक अन्य मामले में गवाह था। पुलिस ने कादरी सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से पिस्तौल, कट्टा, तलवार व चाकू बरामद किए गए थे।
उज्जैन में डकैती का केस, इसके बाद से डकैत नाम मिला-
अनवर कादरी पर 1996 में उज्जैन के महाकाल थाने में डकैती का केस दर्ज किया गया था। इसके बाद उसे अनवर डकैत के नाम से पहचाना जाने लगा। अनवर ने इंदौर में भी मारपीट, घर में घुसकर धमकाने जैसी कई घटनाओं को अंजाम दिया।
अनवर कांग्रेस से 3 बार व पत्नी दो बार पार्षद रह चुकी-
अनवर कांग्रेस से तीन बार पार्षद रह चुका है। उसकी पत्नी दो बार पार्षद रही है। प्रमोद टंडन के शहर कांग्रेस अध्यक्ष रहते हुए अनवर को शहर कांग्रेस का महामंत्री भी नियुक्त किया गया था। उसने एक बार निर्दलीय चुनाव भी लड़ा था।
अनवर ने पाकिस्तान बोला, समर्थकों ने जिंदाबाद के लगाए थे नारे, जाना पड़ा था जेल-
28 अप्रैल 2025 को अनवर ने इंदौर के वार्ड 58 स्थित बड़वाली चौकी पर पहलगाम हमले के विरोध में पाकिस्तान व आतंकवाद का पुतला दहन किया था। कार्यक्रम के दौरान जैसे ही कादरी ने पाकिस्तान शब्द बोला, वहां मौजूद उसके कुछ समर्थकों ने जिंदाबाद के नारे लगा दिए। इस मौके पर बड़ी संख्या में मुस्लिम महिलाएं, पुरुष व बच्चे शामिल थे। घटना के वीडियो को लेकर भाजपा विधायक गोलू शुक्ला ने FIR दर्ज कराई थी। इस पर अनवर कादरी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।