khabar abhi tak

ऊपर वाला देता है तो छप्पर नहीं जमीन फाड़ कर, पन्ना में मजदूर ने पहली बार खोदी खदान, हाथ लगा 40 लाख का हीरा

पन्ना. कहावत है कि जब भी ऊपर वाला देता है छप्पर फाड़ कर, लेकिन मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में एक गरीब आदिवासी के लिए यह कहावत बिलकुल उलटी साबित हुई, उसे ऊपर वाले ने दिया जरूर, लेकिन छप्पर नहीं जमीन फाड़ के.

जानकारी के अनुसार, माधव आदिवासी ने पन्ना की कृष्णा कल्याणपुर पट्टी में एक उथली खदान पट्टे पर ली थी। बुधवार को जब उसने खदान में खुदाई का काम शुरू किया, तो पहले ही दिन उसकी किस्मत ने साथ दिया। मिट्टी और कंकड़ साफ करने के दौरान उसे एक बेशकीमती पत्थर मिला, जो कोई मामूली पत्थर नहीं बल्कि एक उच्च क्वालिटी का हीरा था।

मजदूर माधव तुरंत उस हीरे को लेकर पन्ना स्थित सरकारी हीरा कार्यालय पहुंचा। वहां हीरे की जांच की गई तो सभी हैरान रह गए। पन्ना हीरा कार्यालय के अधिकारी रवि पटेल ने बताया कि यह 11.95 कैरेट का उज्जवल किस्म का हीरा है। यह बेहद साफ और कीमती है, जिसकी अनुमानित कीमत 40 लाख रुपए से भी अधिक आंकी जा रही है।

मजदूर माधव ने नियमानुसार हीरा सरकारी खजाने में जमा करा दिया है। अब इस हीरे को आगामी नीलामी में रखा जाएगा। नीलामी से मिलने वाली कुल रकम में से 12.5 प्रतिशत की रॉयल्टी काटकर बाकी की पूरी राशि मजदूर माधव आदिवासी को दे दी जाएगी। इस खबर के बाद मजदूर और उसके परिवार में खुशी का माहौल है। बता दें कि पन्ना जिला अपने विशाल हीरा भंडारों के लिए प्रसिद्ध है, जहां जमीन में लगभग 12 लाख कैरेट हीरे दबे होने का अनुमान है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak