khabar abhi tak

ट्रेन में 25 तलवार, 5 फरसे, 8 हैंड पंच के साथ सफर कर रहा था, जीआरपी ने जब्त किया हथियारों का जखीरा

बीना. मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना जंक्शन पर शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) ने ट्रेन से उतरे एक रेल यात्री के पास से भारी मात्रा में धारदार हथियार बरामद किए हैं। पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली तो उसमें 25 तलवारें, 5 फरसे और 8 हैंड पंच (पच) पाए गए। आरोपी के पास इन हथियारों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं था।

जीआरपी थाना बीना के प्रधान आरक्षक महेंद्र सिंह (क्रमांक 652) और आरक्षक अविनाश प्रजापति (क्रमांक 357) प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात थे। इस दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में हथियार लेकर ट्रेन से यात्रा कर रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने स्टेशन पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका, जो एक बड़ा बैग लेकर प्लेटफॉर्म पर जा रहा था।

पूछताछ में उसकी पहचान इंद्रपाल सिंह पिता जय मल सिंह (40 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 17, गुरु गोविंद सिंह वार्ड, सागर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई। वह अमृतसर से सागर की ओर श्री गंगानगर एक्सप्रेस से यात्रा कर रहा था। बैग की तलाशी लेने पर हथियारों का जखीरा मिला, जिसके संबंध में आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे न्यायालय में पेश कर वैधानिक कार्रवाई की।

हथियार कहां से आए, किसे देना था, जांच जारी

थाना प्रभारी, जीआरपी बीना ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार कहां से लाए गए थे, इन्हें कहां ले जाया जा रहा था और इनका उद्देश्य क्या था। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि इस व्यक्ति का किसी संगठित गिरोह या अवैध गतिविधियों से कोई संबंध तो नहीं है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak