गिरोह का मुख्य सरगना गिरफ्तार
बलौदा बाजार। शेयर मार्केट में दो साल के भीतर दोगुनी रकम करने की लालच देकर एक दम्पति ने अपने गिरोह के साथ मिलकर 150 करोड़ रुपयों की ठगी की है। इस बात का खुलासा उस समय हुआ, जब शिक्षक ने अपने ही छात्र को चूना लगा दिया। इस मामले की पुलिस में रिपोर्ट की गई थी, जिससे ठगों के कारनामें सामने आने लगे। पुलिस ने प्रकरण में गंभीरता दिखाते हुए इस गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया है।
शेयर मार्केट में निवेश कर रकम दोगुना करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के आरोपी राजा नटवरलाल उर्फ दिवाकर अवसरिया को बलौदा बाजार से गिरफ्तार किया गया है, जो रायपुर में महादेव नगर के न्यू चांगोरभाठा का रहने वाला है। आरोपी दुर्ग के पोटिया में किराये के मकान में फरारी काट रहा था, जहां से पुलिस ने दबिश देकर उसके गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा कि इस गिरोह ने लोगों को झांसे में लेकर लगभग 150 करोड़ रुपयों की ठगी की है। पुलिस ने दिवाकर अवसरिया के बाद उसकी पत्नी श्वेता अवसरिया को भी गिरफ्तार किया है। श्वेता पर आरोप है कि उसने लोगों को शेयर बाजार में निवेश के नाम पर दोगुना मुनाफा देने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी की।
ठगी का कारोबार : आरोपी दंपत्ति ने पहले से गिरफ्तार जालसाज शासकीय शिक्षक रामनारायण साहू और अन्य के साथ मिलकर राजधानी रायपुर सहित राज्य के कई इलाकों के लोगों को शेयर ट्रेडिंग के लिए फंसाया। उन्हें दो साल दोगुनी रकम वापस करने का झांसा दिया और उनसे करोड़ों रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने कसडोलए लवन, गिधौरी, शिवरीनारायण. महासमुंद और रायगढ़ के लोगों को ज्यादा निशाना बनाया है।
ऐसे खुला मामला : दरअसल, बलौदा बाजार जिले में शिक्षक रामनारायण साहू ने सबसे पहले अपने स्टूडेंट रूपेश कुमार ठाकुर को शिकार बनाया। उसे शेयर मार्केट में निवेश कर पैसा दोगुना का लालच दिया। फिर गांव में हल्ला होने के बाद सभी फंसते चले गए और उसे पैसे दे डाले। बाद में वह सभी के पैसे लेकर गांव से फरार हो गया। स्टूडेंट की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। बाद में एक के बाद एक पीड़ित थाने पहुंचे और शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
जमीनें खरीदी : पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी श्वेता अवसरिया के कब्जे से 4 मोबाइलए 5 विभिन्न बैंकों के पासबुक, चेक, एटीएम, पैसा लेनदेन का रजिस्टर, जमीन खरीदी-बिक्री संबंधी दस्तावेज, सोने-चांदी के जेवर और नगद 9,71,000 रुपये जब्त किए हैं। आरोपी गिरोह ने सोनाखान, चंदखुरी, सांकरा, शिवरीनारायण आदि में कई एकड़ जमीन भी खरीदी है। अब तक पुलिस ने मामले में 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।