khabar abhi tak

WC Railway : कोटा रेल मंडल ने रचा इतिहास, 99 % पंक्चुअलिटी के साथ ट्रेन को समय पर चलाने में देशभर में नंबर वन

 

कोटा/जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा रेल मंडल ने एक नया इतिहास रचते हुए पहली बार देशभर के 69 मंडलों में पंक्चुअलिटी (समय पर ट्रेनों का संचालन) के मामले में पहला स्थान हासिल किया है। इस दिन कोटा मंडल में लगभग सभी ट्रेनें समय पर चलीं, जिससे पंक्चुअलिटी 99 प्रतिशत रही। इसका मतलब है कि एक-दो ट्रेनों को छोड़कर कोई भी मेल-एक्सप्रेस ट्रेन लेट नहीं हुई।

इस शानदार उपलब्धि से खुश होकर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनिल कालरा ने स्वयं कंट्रोल रूम पहुंचकर अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।

पहले भी दर्ज हो चुका है रिकॉर्ड

उल्लेखनीय है कि कोटा मंडल में इसी साल फरवरी और मार्च में भी सभी ट्रेनों के समय पर चलने का रिकॉर्ड बन चुका है। उस समय मेल-एक्सप्रेस के अलावा सभी पैसेंजर ट्रेनें भी समय पर चली थीं, और इस उपलब्धि पर डीआरएम कंट्रोल रूम में केक भी काट चुके थे। हालांकि, तब कोटा मंडल की यह उपलब्धि राष्ट्रीय स्तर पर दर्ज नहीं हो सकी थी, बल्कि पश्चिम-मध्य रेलवे में यह नंबर वन थी। अब कोटा मंडल ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।

100 से अधिक ट्रेनों का रोजाना संचालन

 कोटा मंडल से चलने वाली और गुजरने वाली ट्रेनों की संख्या सौ से अधिक है, जिसमें मेल-एक्सप्रेस, पैसेंजर, मेमू और डेमू सभी तरह की ट्रेनें शामिल हैं। इतनी बड़ी संख्या में ट्रेनों का 99 प्रतिशत पंक्चुअलिटी के साथ संचालन करना एक बड़ी उपलब्धि है, जो मंडल के कुशल प्रबंधन और कर्मचारियों की कड़ी मेहनत को दर्शाता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak