लाश बहू के घर के सामने फिकवाई
नरसिंहपुर। एमपी के नरसिंहपुर में सेवानिवृत थानाप्रभारी ने अपने समधी से बदला लेने के लिए सुपारी देकर एक निर्दोष युवक हत्या कराई। इसके बाद शव को बहू के घर के सामने फिकवा दिया। पुलिस ने मामले में टीआई शंकरलाल झारिया व बसंत वंशकार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार रिटायर्ड टीआई शंकरलाल झारिया के खिलाफ उनकी बहू ने करीब एक साल पहले दहेज प्रताडऩा का प्रकरण दर्ज कराया था। जिसके चलते शंकरलाल को अपने समधी व बहू से सार्वजनिक रुप से माफी मांगना पड़ी थी। इसके बाद से शंकरलाल झारिया हर वक्त समधी से बदला लेने की फिराक में रहे। टीआई शंकरलाल झारिया ने देखा कि खुलरी गांव में रहने वाला नारायण काछी क्षेत्र में इधर से उधर घूमता रहता है। उन्होने नारायण की हत्या कराकर समधी फंसाने की साजिश रची। जिसके चलते उन्होने गांव के बसंत वंशकार को 50 हजार रुपए की सुपारी देकर नारायण काछी की हत्या कराई। इसके बाद लाश को अपनी बहू के घर के सामने फिकवा दिया। दूसरे दिन लाश मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच करते हुए पाया कि घटना में कहीं न कहीं शंकरलाल का हाथ है। पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो पता चला कि शंकरलाल ने बसंत को नया मोबाइल फोन व सिम कार्ड दिया। दोनों के बीच नारायण काछी की हत्या को लेकर लगातार बातचीत होती रही। पुलिस ने बसंत को भोपाल से और शंकरलाल को उनके घर से गिरफ्तार किया। दोनों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी भी जारी है आगे और जो भी तथ्य सामने आएगे उस आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
