khabar abhi tak

मुंबई से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट बीच रास्ते से लौटी, तकनीकी खराबी की वजह से वापस एयरपोर्ट पर उतारा विमान

 

मुंबई. मुंबई से लंदन-हीथ्रो जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट को शुक्रवार सुबह टेकऑफ के बाद तकनीकी समस्या और एयरस्पेस प्रतिबंध के चलते वापस मुंबई लौटना पड़ा। फ्लाइट ने सुबह 8:36 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी, लेकिन कुछ समय बाद मिडिल ईस्ट में एयरस्पेस बंद होने और हाइड्रॉलिक सिस्टम में आई तकनीकी खराबी के कारण इसे वापस लाने का निर्णय लिया गया।

हालांकि शुरुआत में पायलटों ने तकनीकी खराबी की सूचना एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को दी, जिससे कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। बाद में साफ हुआ कि ईरान और इजरायल के बीच बढ़े तनाव और इजरायली हमले के कारण मिडिल ईस्ट का हवाई क्षेत्र (एयरस्पेस) अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है, जिसके चलते विमान को आगे जाना संभव नहीं रहा।

फ्लाइट मिडिल ईस्ट के नजदीक तक पहुंच चुकी थी, लेकिन जैसे ही पायलटों को एयरस्पेस की स्थिति का पता चला, उन्होंने तुरंत ATC से अनुमति लेकर विमान को वापस मुंबई की ओर मोड़ा। वापसी में विमान ने मुंबई एयरपोर्ट के आसपास कुछ देर चक्कर लगाया और अंततः सुरक्षित रूप से लैंड कर लिया गया।

यह घटना उस हादसे के ठीक एक दिन बाद हुई है जिसमें अहमदाबाद से जुड़ी एक एयर इंडिया फ्लाइट में दुर्घटना हुई थी और 241 यात्रियों व क्रू मेंबर्स की मौत हो गई थी। इस वजह से यात्रियों में घबराहट और चिंता स्वाभाविक रूप से अधिक थी।

फिलहाल विमान की तकनीकी जांच की जा रही है और एयर इंडिया की ओर से यात्रियों को वैकल्पिक फ्लाइट से लंदन भेजने की तैयारी की जा रही है। एयरलाइन ने यात्रियों को सभी आवश्यक सुविधाएं देने और उनकी यात्रा में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका भरोसा दिलाया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak