khabar abhi tak

एमपी - नौतपा जैसी गर्मी, ग्वालियर समेत 11 जिलों में आज लू का अलर्ट

 


भोपालआंधी-बारिश का दौर थमते ही मध्यप्रदेश में नौतपा जैसी गर्मी है। भोपाल, ग्वालियर समेत कई शहरों में सूरज के तेवर तीखे हैं। सोमवार को 7 शहरों में पारा 45 डिग्री के पार रहा। मई-जून में पहली बार इतना पारा पहुंचा। इससे पहले अप्रैल में ही इतनी गर्मी रही थी। वहीं, 24 शहरों में तापमान 40 डिग्री या इससे अधिक रहा।

मंगलवार को भी पूरे प्रदेश में गर्मी का असर बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, कहीं भी आंधी-बारिश का अलर्ट नहीं है। ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में हीट वेव यानी, लू चल सकती है। वहीं, भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में दिन का तापमान 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

प्रदेश में सबसे गर्म छतरपुर का खजुराहो

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को छतरपुर का खजुराहो शहर सबसे गर्म रहा। यहां पारा 45.8 डिग्री तक पहुंच गया। टीकमगढ़ में 45.4 डिग्री, ग्वालियर, नर्मदापुरम-सागर में 45.2 डिग्री, नौगांव और गुना में तापमान 45 डिग्री रहा। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में सबसे ज्यादा 43.4 डिग्री, जबलपुर में 42.6 डिग्री, उज्जैन में 42 डिग्री और इंदौर में 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, दमोह, शिवपुरी, सतना, शाजापुर, रीवा, सीधी, उमरिया, मलाजखंड, रतलाम, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला और रायसेन में तापमान 40.2 से 43.5 डिग्री सेल्सियस तक रहा। इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में तापमान सबसे कम 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अगले 2 दिन लू का अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले 2 दिन तक ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। 12 जून से फिर से बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। हालांकि, जिन जिलों में बारिश नहीं होगी, वहां गर्मी का असर बना रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak