khabar abhi tak

देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का कहर, उत्तर भारत में रेड अलर्ट, जानें कब मिलेगी राहत

नई दिल्ली. देश के कई हिस्सों में इस समय भीषण गर्मी का कहर जारी है। दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के राज्यों में प्रचंड गर्मी ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य से काफी अधिक है। दिल्ली में भी गर्मी का प्रकोप कम नहीं है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया, लेकिन हीटवेव के चलते महसूस तापमान 50 डिग्री तक पहुंच गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी में रेड अलर्ट जारी किया है। आज दिल्ली में तापमान 43 से 45 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, 13 जून की रात से पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसके असर से दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। इसके बाद, 14 से 17 जून के बीच तापमान में गिरावट होगी और पारा 37 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हीटवेव का असर कम होने पर रेड अलर्ट को ऑरेंज अलर्ट में बदला जा सकता है।

इन राज्यों में अगले 3-4 दिन लू का असर
IMD के मुताबिक, अगले 3-4 दिनों तक हरियाणा, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तर मध्य प्रदेश, पंजाब और उत्तर प्रदेश में लू का प्रकोप जारी रहेगा। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में रेड अलर्ट लागू रहेगा। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया है। हालांकि, 15 जून से झमाझम बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे गर्मी से राहत मिल सकती है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत के राज्यों में भारी बारिश की संभावना है। कर्नाटक में IMD ने 50-70 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। तटीय और आंतरिक कर्नाटक में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। तमिलनाडु के पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में भी बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak