khabar abhi tak

नहर में गिरी बोलेरो, 6 बहे, 1 की मौत, 2 लापता, दर्शन करने जा रहे थे सालासर बालाजी

 

हनुमानगढ़. राजस्थान के हनुमानगढ़ में आज मंगलवार 17 जून को तेज रफ्तार बोलेरो वाहन के नहर में गिरने से 6 लोग बह गए। बोलेरो में सवार तीन लोगों को बचा लिया गया, जबकि एक महिला को इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दो लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। बोलेरो सवार सभी लोग हनुमानगढ़ जंक्शन से सालासर बालाजी दर्शन के लिए निकले थे। हादसा लखुवाली इलाके में सुबह 7 बजे हुआ।

सीओ सिटी मीनाक्षी ने बताया-हादसे की सूचना मिलते ही लखुवाली पुलिस चौकी का स्टाफ मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने रेस्क्यू शुरू किया। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से पुलिस ने रस्सी के सहारे पानी में फंसे चार लोगों को बाहर निकाला गया और अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया।

सीओ सिटी ने बताया-सूचना मिलने पर टाउन थाना के लखूवाली चौकी से हेड कॉन्स्टेबल जसवंत सिंह, कॉन्स्टेबल लखविंद्र और कॉन्स्टेबल बेगाराम तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। दो लोग अभी भी बोलेरो वाहन में फंसे हैं, जिन्हें निकालने के प्रयास तेजी से जारी हैं।

पुलिस मौके पर मौजूद

सीओ सिटी ने बताया-लखुवाली और शेरगढ़ चौकी की पुलिस टीम मौके पर तैनात हैं और हालात पर नजर रखे हुए हैं। हादसे के कारणों की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। वाहन ड्राइवर का संतुलन बिगडऩे से हादसे की आशंका है।

ग्रामीणों की मदद से टली बड़ी जनहानि

सीओ सिटी ने बताया-स्थानीय लोगों की तत्परता और बहादुरी से समय रहते तीन लोगों की जान बचाई जा सकी। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्यों को तेज कर दिया है।

बोलेरो गाड़ी में थे साला बहनोई के पारिवारिक सदस्य

सीओ सिटी मीनाक्षी ने बताया कि हनुमानगढ़ जंक्शन के सुरेशिया से साला-बहनोई के परिवार के 6 सदस्य सवार होकर सालासर बालाजी दर्शन करने के लिए रवाना हुए थे। गाड़ी में रमनदीप कौर (22) पुत्री गुरदर्शन सिंह निवासी वार्ड 53 सुरेशिया, जसप्रीत (18) पुत्र गुरदर्शन सिंह निवासी वार्ड 53 सुरेशिया, कमलजीत कौर (48) पत्नी गुरदर्शन सिंह निवासी वार्ड 53 सुरेशिया, लखवीर सिंह (30) पुत्र महेंद्र सिंह और मनप्रीत पुत्र महेंद्र सिंह निवासी जंक्शन और गुरदर्शन सिंह पुत्र चंदसिंह निवासी वार्ड 53 सुरेशिया सवार थे। जिनमें से कमलजीत कौर पत्नी गुरदर्शन सिंह की मौत हो गई। वहीं दो पानी के बहाव में गाड़ी के साथ ही बह गए।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak