khabar abhi tak

युवक की हत्या के 24 घंटे बाद भी नहीं किया अंतिम संस्कार, आरोपियों के घर गिराने पर अड़े परिजन..!

 


सागर। ग्राम देवरी चौधरी रहली में हुई युवक की हत्या के 24 घंटे बीतने के बाद भी परिजनों ने अंतिम संस्कार नहीं किया है। वे आरोपियों के मकान को गिराने की मांग पर अड़े हुए है। जमीनी विवाद पर बीती दोपहर ओंकार अहिरवार पर धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद परिजनों व गांव के लोगों ने जबलपुर-रहली रोड पर शव रखकर प्रदर्शन किया था। 

                             बताया गया है कि ग्राम देवरी चौधरी में मुल्लू अहिरवार व जुगराज यादव के परिवार के बीच जमीन को लेकर लम्बे समय से विवाद चला आ रहा है। विवाद के चलते पहले भी कई बार मारपीट की गई लेकिन गांव के लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो जाता था। इसके बाद भी यादव परिवार हर वक्त बदला लेने की फिराक में रहता था। बीते दिन दोपहर एक बजे के लगभग ओंकार अपने पिता मुल्लू अहिरवार सहित अन्य लोगों के साथ गांव वाले घर जाने निकला। जब ओंकार स्कूल के सामने से गुजर रहा था, तभी आरोपियों ने घेराबंदी कर दी, जिसे देख बाकी लोग तो अपनी जान बचाकर निकल आए लेकिन ओंकार को पकड़ लिया गया, सभी ने धारदार हथियार से हमला किया, जिससे ओंकार की मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी पहुंच गए, जिन्होने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने घटना के विरोध में जबलपुर-रहली मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान परिजनों द्वारा आरोपियों के घर गिराए जाने की मांग की गई थी। करीब 6 घंटे तक चले धरना-प्रदर्शन की खबर मिलते ही जनप्रतिनिधि, जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए, जिन्होने मामले में कार्यवाही का आश्वासन दिया था। यहां तक कि पूर्व मंत्री व विधायक गोपाल भार्गव के बेटे अभिषेक ने परिजनों से मुलाकात कर एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता देते हुए हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया था। हालांकि पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन परिजनों द्वारा आरोपियों के घर गिराए जाने की मांग की जा रही थी। जिसके पूरा न होने पर परिजनों ने 24 घंटे बीतने के बाद भी युवक का अंतिम संस्कार नहीं किया  है। मामले के तूल पकडऩे पर सागर के कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष आनंद अहिरवार गांव पहुंचे और उन्होंने पीडि़त परिवार की बात कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी से कराई। प्रदेश अध्यक्ष पटवारी ने मामले में एसपी से बात कर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।  


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak