khabar abhi tak

पचमढ़ी में बीजेपी का 14 जून से प्रशिक्षण शिविर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे शुरुआत, ये दिग्गज होंगे शामिल

 

भोपाल. भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश में मेगा प्रशिक्षण शिविर शुरू कर रही है। मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में भाजपा का तीन दिवसीय मेगा प्रशिक्षण शिविर 14 जून से शुरू होगा। इस प्रशिक्षण शिविर में पार्टी के सभी सांसद, विधायक, केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल होंगे।

भाजपा के मध्य प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने जानकारी दी कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मेगा प्रशिक्षण की शुरुआत करेंगे और उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे, जबकि समापन सत्र में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे। इसके अलावा पार्टी के कई राष्ट्रीय नेता और केंद्रीय मंत्री भी इस शिविर में हिस्सा लेंगे।

विष्णु दत्त शर्मा के मुताबिक, प्रशिक्षण वर्ग 14 से 16 जून तक पचमढ़ी में आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव तीनों दिन मौजूद रहेंगे और पार्टी के जनप्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। राज्य के सभी सांसद और विधायक शामिल होंगे।

उन्होंने इस दौरान मूंग खरीदी पर कांग्रेस के विरोध को लेकर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान किसान के बेटे हैं। भाजपा नेतृत्व किसानों को कदम-कदम पर हर तरीके से ताकत देने का काम करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ भड़काने, उलझाने, झूठ बोलने और फूट डालकर राज करने की कोशिश करती है। कांग्रेस किसानों के नाम पर राजनीति करती है। यही सब उनके खून में है।

उन्होंने कहा कि भाजपा किसानों की चिंता करती है। मूंग हो या अन्य विषय, किसानों के हित में क्या कर सकते हैं, इसके लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किसान भाइयों और संगठनों से अच्छा संवाद किया है। भाजपा किसान हितैषी है और सरकार बेहतर से बेहतर काम कर रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह को कांग्रेस से निकाले जाने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह उनका (कांग्रेस) आंतरिक मामला है। हमें इस पर ज्यादा कहने की जरूरत नहीं है। हम भी राजनीतिक दल हैं और कई बार जरूरत होने पर नेताओं पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak