khabar abhi tak

एमपी में जून के पहले सप्ताह में आ सकता है मानसून, इस बार इतने बारिश की उम्मीद

भोपाल. मध्यप्रदेश में मानसून की दस्तक 8 से 10 दिन पहले हो सकती है। सोमवार को मानसून महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे समेत कई शहरों में 15 दिन पहले ही पहुंच गया। इधर, मंगलवार को मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक एमपी समेत देश में होने वाली बारिश को लेकर पूर्वानुमान भी जारी करेंगे। अप्रैल में इस सीजन 38 से 39 इंच बारिश होने की उम्मीद जताई गई थी।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को मानसून ने मुंबई, पुणे, कलबुर्गी, महबूबनगर, कावली समेत अमरतला, गोलपारा में दस्तक दे दी। यहां मानसून के आने की सामान्य तारीख 10 जून तक है। मानसून की रफ्तार अभी ठीक है। यही रफ्तार रहती है तो मध्यप्रदेश में मानसून 4 से 7 जून तक आ सकता है।

बता दें कि प्रदेश में मानसून के आमद की सामान्य तारीख 15 जून है। हालांकि, पिछले कुछ सालों से यह 18 से 22 जून के बीच ही पहुंच रहा है। पिछले साल यानी 2024 में मानसून की 21 जून को एंट्री हुई थी। यह 6 दिन देरी से प्रदेश में पहुंचा था। इस बार जून के शुरुआत में ही मानसून के एंटर होने की उम्मीद है।

नई दिल्ली से जारी होगा मानसून की भविष्यवाणी

मंगलवार शाम को नई दिल्ली से मौसम विभाग मानसून का फोर कास्ट जारी करेगा। इस दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून को लेकर पूर्वानुमान जारी किया जाएगा। एमओएस सचिव डॉ. एम. रविचंद्रन और डीजीएम आईएमडी डॉ. एम. महापात्रा मानसून के बारे में बताएंगे।

दक्षिणी हिस्से से होगी मानसून की एंट्री

मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के दक्षिणी हिस्से यानी मंडला, सिवनी, डिंडौरी, बालाघाट, अनूपपुर, बुरहानपुर, पांढुर्णा, बैतूल, बड़वानी के रास्ते से मानसून दस्तक देगा। ग्वालियर-चंबल में सबसे लेट 25 जून तक पहुंचेगा। भोपाल, इंदौर में यह 20 से 22 जून के बीच आ सकता है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर जिले में प्रवेश किया था। इस बार भी इन्हीं जिलों से मानसून के आने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि इस बार मानसून ने 8 दिन पहले ही देश में दस्तक दी है। इससे पहले 2009 को भी मानसून 23 मई को पहुंच गया था। फिलहाल मानसून के आगे बढऩे की स्थिति ठीक है। मध्यप्रदेश में इस बार भी समय से दस्तक देने की स्थिति बन रही है।

बारिश के सामान्य से बेहतर रहने की उम्मीद

प्रदेश में इस बार मानसून के सामान्य से बेहतर रहने की उम्मीद जताई जा रही है। अनुमान के मुताबिक 104 से 106 प्रतिशत यानी औसत 38-39 इंच बारिश हो सकती है। जबलपुर-शहडोल संभाग में सबसे ज्यादा पानी गिरेगा। ग्वालियर, चंबल, इंदौर, उज्जैन और भोपाल संभाग में भी कोटा फुल हो सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak