khabar abhi tak

जबलपुर के कांग्रेसी संभालेंगे पाक के खिलाफ मोर्चा, वालंटियर्स बनने नगर अध्यक्ष सहित कार्यकर्ताओं ने कराए पंजीयन



जबलपुर।
शहर में किसी प्राकृतिक आपदा या अन्य कारणों से निर्मित होने वाली आपातकालीन स्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ता भी सिविल डिफेंस वालंटियर्स के तौर पर मोर्चा संभालेंगे। शनिवार को नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सौरभ शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने वार्डन व सिविल डिफेंस वालंटियर्स के रूप काम करने के लिए पंजीयन कराया है। शीघ्र ही पंजीकृत लोगों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

सौरभ नाटी शर्मा ने कहा, देश जब भी संकट में होता है, कांग्रेस कार्यकर्ता सबसे आगे खड़े होते हैं। हम सभी देशभक्ति की भावना से प्रेरित होकर यह पंजीयन करवा रहे हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को सहयोग दे सकें। कांग्रेस के कई कार्यकर्ता इस पहल में शामिल हुए हैं और आगे भी सैकड़ों कार्यकर्ताओं को इस अभियान से जोड़ा जाएगा।

पंजीयन प्रक्रिया के दौरान ओमती थाने में मौजूद अधिकारियों ने सभी को प्रक्रिया की जानकारी दी और सुरक्षा, बचाव व राहत कार्यों से जुड़ी जिम्मेदारियों को लेकर अवगत कराया। ओमती थाना प्रभारी राजपाल सिंह बघेल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सिविल डिफेंस में राजनीतिक मतभेद नहीं देखे जाते, जब बात राष्ट्र की सुरक्षा की हो, तब हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है।

उन्होंने यह भी बताया कि पंजीयन के बाद सभी वालंटियर्स को जरूरी प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिससे वे किसी भी आपदा या युद्ध जैसे हालात में प्रशासन के सहयोगी बन सकें। गौरतलब है कि भारत-पाकिस्तान सीमा पर बढ़ते तनाव को देखते हुए देशभर में सतर्कता बढ़ा दी गई है। केंद्र और राज्य सरकारें हर स्तर पर तैयारी कर रही हैं और ऐसे में नागरिकों की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस अवसर पर रिजवान अली कोटी, संदीप जैन, वंदना बैन, शिशांत सिंह ठाकुर, विष्णु विनोदिया, एजाज़ अंसारी, प्रियंक केसरवानी, राहुल बघेल, भाग्यश्री गोस्वामी, अभिषेक तिवारी, अक्षय विनोदिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रजिस्ट्रेशन कराया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak