khabar abhi tak

मध्य प्रदेश में तैनात होंगे साइबर कमांडो, साइबर अपराधों से निपटने की तैयारी, गृहमंत्री अमित शाह की है प्लानिंग



देश में जिस गति से तकनीक बढ़ रही है, उसी गति से उससे जुड़े अपराध भी बढ़ने लगे हैं। ऐसे में इन खतरों से निपटने की आवश्यकता है। इससे निपटने के लिए सरकार द्वारा नए प्रयास शुरू किये जा रहे हैं। इसके लिए साइबर कमांडो तैनात किए जाने पर विचार किया जा रहा है। एडीजी साइबर ए. साई मनोहर के अनुसार वर्तमान में 6 पुलिसकर्मी साइबर कमांडो का प्रशिक्षण ले रहे हैं, जो शीघ्र आ जाएंगे। इसके अतिरिक्त दूसरे बैच के लिए भी चयन कर लिया गया है।
साइबर जालसाजों का राजफाश करेंगे कमांडो


यह व्यवस्था ठीक उसी प्रकार रहेगी, जैसे देश में आतंकी घटनाओं से लेकर वीवीआईपी की सुरक्षा में कमांडो तैनात रहते हैं। उसी तरह साइबर हमले से निपटने, साइबर जालसाजों के नेटवर्क का राजफाश करने के लिए प्रदेश में कमांडो पदस्थ होंगे। नए वित्त वर्ष अप्रैल से छह कमांडो काम करने लगेंगे। बता दें कि राज्य के लिए साइबर कमांडो के पहले बैच का छह माह का प्रशिक्षण 31 मार्च को पूरा हो रहा है।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह की थी प्लानिंग


बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशभर में अलग-अलग बैच में मिलाकर पांच हजार कमांडो तैनात करने का निर्णय लिया है। दूसरे बैच में प्रदेश के 39 पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। परीक्षा के बाद इनका चयन भी हो चुका है। जल्द ही यह तय हो जाएगा कि कितने पुलिसकर्मियों को कहां प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। इस प्रशिक्षण लिए जाने वालों में आरक्षक से लेकर उप पुलिस अधीक्षक स्तर तक के अधिकारी शामिल हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak