khabar abhi tak

खेलते-खेलते जल गए 4 मासूम, चाईबासा के इस हादसे ने पूरे गांव को रुला दिया



झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के गीतिलिपि गांव से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. सोमवार सुबह 11 बजे के करीब खेलते-खेलते चार मासूम बच्चे जलकर मौत के मुंह में समा गए.

गांव में रखे पुआल (भूसे) के ढेर में अचानक लगी आग ने चारों बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया. जब तक लोग कुछ समझ पाते और उन्हें बचाने की कोशिश करते, तब तक चारों की जान जा चुकी थी. इस हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
खेल-खेल में गई चार मासूमों की जान

मृतक बच्चों की पहचान प्रिंस चातार (5 वर्ष), साहिल सिंकू (5 वर्ष), रोहित सुंडी (2 वर्ष) और भूमिका सुंडी (5 वर्ष) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि बच्चे रोजाना पुआल के घर में खेलते थे. हादसे के वक्त गांव की एक महिला बिरंग गगराई पानी भरने आई थी, तभी उन्होंने देखा कि पुआल से धुआं उठ रहा है और उसमें बच्चे फंसे हुए हैं. उन्होंने शोर मचाया और बच्चों को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कोई भी उन्हें बाहर नहीं निकाल सका.
कैसे लगी आग, रहस्य बरकरार

फिलहाल आग लगने की असल वजह साफ नहीं हो पाई है. गांव के लोगों का कहना है कि बच्चे खेलते वक्त किसी तरह पुआल में आग लग गई होगी, लेकिन कुछ लोग शॉर्ट सर्किट या किसी और वजह की आशंका भी जता रहे हैं. पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर आग कैसे लगी.
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन

हादसे की खबर मिलते ही प्रशासन भी तुरंत हरकत में आया. घटनास्थल पर एसडीओ महेंद्र छोटन उरांव, सीओ मनोज कुमार मिश्रा, बीडीओ सत्यम कुमार, थाना प्रभारी संजय सिंह और इंस्पेक्टर बासुदेव मुंडा पुलिस बल के साथ पहुंचे. आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृत बच्चों में से दो की मां उस वक्त जंगल गई हुई थी, जबकि अर्जुन चातार और सुखराम सुंडी नाम के दो पिता भुवनेश्वर में काम करते हैं. जैसे ही उन्हें हादसे की खबर मिली, परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. गांव के लोग भी इस हादसे से सदमे में हैं और पूरे इलाके में गम का माहौल है.

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak