मामला छब्बू कोल हत्याकांड की जांच के दौरान जमीन की रजिस्ट्री दूसरे व्यक्ति के नाम कराने के लिए दबाव बनाने के आरोप से जुड़ा है। कोर्ट ने कहा कि मामले में सामने आए तथ्यों की जांच जरूरी है और इस स्तर पर FIR रद्द करने का आधार नहीं बनता। एक अप्रैल 2026 को छब्बू कोल का शव खेत में मिला था। इस मामले में रमेश लोधी और उनके बेटे आकाश लोधी पर संदेह जताया गया था। उस समय नेहा पच्चीसिया मामले की जांच अधिकारी थीं। आरोप है कि जांच के दौरान नेहा ने अपने पद का इस्तेमाल कर रमेश लोधी पर जमीन की रजिस्ट्री मारूफ अहमद हनफी के नाम कराने के लिए दबाव बनाया। इस घटनाक्रम में कुछ अन्य लोगों की भूमिका भी संदिग्ध बताई गई है। इस मामले में 19 अगस्त 2026 को कटनी के कुठला थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। जांच के दौरान भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गईं। राज्य सरकार की ओर से कोर्ट को बताया गया कि जमीन की रजिस्ट्री, बैंक खातों में लेनदेन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, मोबाइल लोकेशन और CCTV से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) भी गठित की गई है।
नेहा की ओर से दी गई थी दलील, हत्याकांड में कार्रवाई करने के कारण फंसाया-
नेहा पचिसिया की ओर से कोर्ट में दलील दी गई कि उन्होंने छब्बू कोल हत्याकांड में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की थी, इसी वजह से उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। उन्होंने बैंक खातों के लेनदेन और अन्य साक्ष्यों को अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों से असंबंधित बताया। उनका कहना था कि वह जमीन की रजिस्ट्री में न खरीदार थीं, न विक्रेता और न ही गवाह।