151 सेवानिवृत्त रेलकर्मियों ने कराई स्वास्थ्य जांच, पेंशन संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने में मिली मदद
जबलपुर। जबलपुर रेल मंडल द्वारा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) 5.0 अभियान के तहत सेवानिवृत्त रेलकर्मियों की सुविधा और कल्याण के लिए मंडल के विभिन्न स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कटनी, सतना, सागर, दमोह, नरसिंहपुर, पिपरिया और ब्योहारी में डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट के साथ स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाए गए।
शिविरों में सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने की प्रक्रिया में आवश्यक सहायता प्रदान की गई। वहीं, जबलपुर रेल मंडल के चिकित्सा विभाग की ओर से स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की गई। इसके तहत लाभार्थियों का ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और सामान्य शारीरिक परीक्षण किया गया। इन शिविरों में कुल 151 सेवानिवृत्त रेलकर्मियों ने स्वास्थ्य जांच कराई।
इस दौरान चिकित्सा विभाग की टीम ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने और नियमित व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जरूरी सुझाव भी दिए गए।डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट शिविरों में पेंशनभोगियों को प्रमाणपत्र की प्रक्रिया और उसके महत्व की जानकारी दी गई, ताकि वे पेंशन जारी रखने से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताएं आसानी से पूरी कर सकें।
रेल मंडल द्वारा DLC 5.0 अभियान के तहत डिजिटल सेवाओं के विस्तार के साथ सेवानिवृत्त रेलकर्मियों के स्वास्थ्य और कल्याण पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से पेंशनभोगियों को एक ही स्थान पर डिजिटल प्रमाणपत्र और स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

