किसानों ने ज्ञापन में कहा कि वे पराली नहीं जलाने के प्रशासनिक आदेश का समर्थन करते हैं, लेकिन इसके लिए शासन को वैकल्पिक व्यवस्था भी करनी चाहिए। धान कटाई के तीन दिन के भीतर पराली उठाने की व्यवस्था की जाए। हार्वेस्टर में स्ट्रा मैनेजमेंट अनिवार्य नहीं किया जाए। जिन खेतों में पराली प्रबंधन के यंत्र या वहां तक पहुंचने का रास्ता उपलब्ध नहीं है, उन किसानों को संबंधित नियमों से छूट दी जाए।
सिंघाड़े पर एमएसपी की मांग-
किसानों ने पर्याप्त संख्या में धान खरीदी केंद्र बनाने और खरीदी की तारीख जल्द घोषित करने की मांग की। इसके अलावा तालाबों में सिंघाड़े की खेती करने वाले किसानों की उपज भी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने की मांग रखी। क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत कराने और उनके दोनों तरफ सड़क बनाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
मांगें पूरी नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन-
प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष रामदास पटेल, जिला उपाध्यक्ष सुरेश पटेल, प्रांतीय महामंत्री नंदकुमार परोहा, तहसील अध्यक्ष शैलेश पटेल, उपाध्यक्ष रघुनाथ पटेल, मेवालाल पटेल, मंत्री दुर्गेश पटेल, सचिन आशीष उपाध्याय, सुनील जैन, नंदन जैन और पनागर तहसील अध्यक्ष जितेंद्र पटेल सहित आसपास के गांवों के किसान शामिल हुए। किसानों ने चेतावनी दी कि मांगों का जल्द निराकरण नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।